
हनुमानगढ़ ।जिले में मंगलवार रात को हुई बारिश और दिनभर चली तेज आंधी के कारण कृषि मंडियों में रखा गेहूं भीग गया और जिलेभर में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई।
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। जिले में आंधी का दौर सोमवार रात से ही शुरू हो गया था, जो मंगलवार दिन में भी जारी रहा।
तेज आंधी के कारण तिरपाल उड़े कृषि मंडियों में खुले में रखा बड़ी मात्रा में गेहूं बारिश की चपेट में आ गया। तेज आंधी के कारण समय पर तिरपाल नहीं डाले जा सके, जिससे कई स्थानों पर तिरपाल उड़ गए और अनाज भीग गया। किसानों और व्यापारियों ने बताया कि अचानक मौसम बदलने से बचाव के पर्याप्त इंतजाम नहीं हो पाए।
तेज आंधी के कारण कई स्थानों पर पेड़ गिरने और बिजली लाइनों को नुकसान पहुंचने से जिलेभर में बिजली आपूर्ति बाधित हुई। हनुमानगढ़ शहर में भी बिजली खराब होने की एक हजार से ज्यादा शिकायतें दर्ज की गईं।
मंडियों में पुख्ता इंतजाम की मांग बारिश से भीगे गेहूं की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका है, जिससे समर्थन मूल्य पर खरीद में परेशानी आ सकती है। भीगे हुए गेहूं में नमी बढ़ने से उसे सुखाने की चुनौती भी सामने आएगी। किसानों ने प्रशासन से मंडियों में पुख्ता इंतजाम करने और तिरपाल व शेड की व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।
मंगलवार को जिले के लगभग सभी इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, हनुमानगढ़ तहसील क्षेत्र में सर्वाधिक बारिश हुई। इसके अलावा पीलीबंगा, संगरिया और नोहर सहित अन्य क्षेत्रों में भी बारिश दर्ज की गई।

