
श्रीगंगानगर। भाजपा के राजस्थान प्रभारी राधा मोहन अग्रवाल दास द्वारा कांग्रेस नेता सचिन पायलट पर की गई टिप्पणी के विरोध में छात्र संगठन एनएसयूआई ने विरोध-प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं में जिला भाजपा कार्यालय के बाहर जमकर नारेबाजी की और मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए पायलट से माफी मांगने को कहा। इस दौरान राधा मोहन का पुतला दहन भी किया गया।
एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष ईशानवीर मान ने राधा मोहन अग्रवाल को ‘बुद्धिहीन दास’ करार दिया। मान ने कहा- भारतीय परंपराओं और वसुधैव कुटुम्बकम की भावना के विपरीत ऐसी तालिबानी भाषा का इस्तेमाल गलत है। कांग्रेस इसे कतई बर्दाश्त नहीं करेगी।
बोले- ऐसी मानसिकता बर्दाश्त नहीं
मान ने कहा- अगर भविष्य में भी इस बुद्धिहीन दास का मानसिक संतुलन इसी तरह बिगड़ा रहा तो राजस्थान में उनके आने पर एनएसयूआई कार्यकर्ता उनके स्वागत में काले झंडे लेकर पहुंचेंगे और विरोध करेंगे। महान हिंदुस्तानी परंपरा को भूलकर जो मानसिकता वे दिखा रहे हैं, वह बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अगर उनके अंदर ऐसे विचार आ रहे हैं तो उन्हें अच्छे मनोचिकित्सक से इलाज करवाना चाहिए।
मान ने आगे कहा कि भारत सभी धर्मों और समुदायों का सम्मान करने वाला देश है। यहां तालिबानी भाषा का कोई स्थान नहीं है। उन्होंने राधा मोहन अग्रवाल से मर्यादित राजनीति अपनाने की अपील की और सचिन पायलट से माफी मांगने को कहा।
प्रदर्शन में एनएसयूआई के वरजिन्द्र सिंह, शिवांशु भादू, अशोक रोझ, शशिकांत शर्मा, नैतिक नाथ, भवानी राठौड़, अजय भाटीवाल, अक्षय चलाना, राजन ढुंढाड़ा, विक्की कलिया, महेन्द्र गोदारा, संजय गिरी, संजीव चौधरी, जसप्रीत धालीवाल, सम्यक बिश्नोई, भरत शेखावाटी, दर्श नारंग सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

