
श्रीगंगानगर। महिला आरक्षण बिल लागू करने की मांग लेकर मंगलवार को महिला कांग्रेस की ओर से श्रीगंगानगर जिला कलेक्ट्रेट के बाहर विरोध-प्रदर्शन किया गया। महिलाओं ने जमकर नारेबाजी की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका।
महिलाओं के हक की लड़ाई लड़ रहे
महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष कमला बिश्नोई ने कहा- तीन साल पहले संसद में पास हुए महिला आरक्षण बिल को केन्द्र की बीतेपी सरकार ने आज तक लागू नहीं किया। लेकिन चुनाव नजदीक आते ही महिला बिल को मुद्दा बनाकर देश को मूर्ख बनाते हैं। महिला कांग्रेस पूरे देश में बीजेपी के खिलाफ इसलिए प्रदर्शन कर रही है। हम देश की महिलाओं के हक की लड़ाई लड़ रही हैं।
बिना देरी लागू हो 33 फीसदी आरक्षण
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुईं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार महिला सशक्तिकरण का सपना दिखाकर वोट लेती है। लेकिन सत्ता में आने के बाद उनका हक टालती रहती है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मांग करते हुए कहा कि सरकार को बिना देरी 33 फीसदी महिला आरक्षण सभी विधानसभाओं और लोकसभा में लागू करना चाहिए। जिससे देश की आधी आबादी को राजनीतिक भागीदारी का सही हक मिल सके।

