
हनुमानगढ़ ।टाउन स्थित महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, बरकत कॉलोनी (नगर परिषद के पीछे) में आज भामाशाह सम्मान समारोह एवं लोकार्पण कार्यक्रम अत्यंत गरिमामय एवं प्रेरणादायक वातावरण में सम्पन्न हुआ। श्रीमती रुक्मणि देवी सुखराम साहू चेरिटेबल ट्रस्ट, हनुमानगढ़ जंक्शन द्वारा लगभग 8 लाख रूपये की लागत से बालिकाओं हेतु अत्याधुनिक सुविधायुक्त शौचालय का लोकार्पण ट्रस्ट अध्यक्ष प्रेम साहू एवं मैनेजर हंसराज शर्मा (से.नि. एईएन) द्वारा किया गया, जिससे विद्यालय की बेटियों को सुरक्षित एवं सम्मानजनक सुविधा उपलब्ध होगी। वहीं श्रीमती बनारसी देवी ने अपने स्वर्गीय पति हंसराज जोशी की पावन स्मृति में लगभग 50 हजार रूपये की लागत से विद्यार्थियों के लिए शीतल जल चिलर प्लांट भेंट कर सेवा, समर्पण और संस्कार का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी पन्नालाल कड़ेला, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी काशीराम सहारण, एसीबीईओ प्रथम रोहीताश कड़वासरा, एसीबीईओ द्वितीय दीपक मिड्ढा, नोडल विद्यालय प्रधानाचार्य श्रीमती अनिता शर्मा, समाजसेवी राजेश दादरी सहित संस्था के कार्यवाहक प्रधानाचार्य प्रदीप कुमार, हजारी राम सिराव (शा.शि.), अध्यापक क्रमशः श्रीमती सुशीला चौधरी, श्रीमती प्रमिला, श्रीमती चंद्रकला, विकास कुमार,रामनिवास,दलीप सिंह, श्रीमती अनिता, आजाद, सुश्री मुकेश,रजनीश,सुरेश रोज तथा बड़ी संख्या में अभिभावक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। इस अवसर पर पन्नालाल कड़ेला, प्रेम साहू एवं राजेश दादरी ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य, संस्कारयुक्त शिक्षा एवं समाज के सहयोग की महत्ता पर ओजस्वी उद्बोधन दिए। साथ ही प्रेम साहू ने एचपीवी टीकाकरण के महत्व पर विस्तार से जानकारी देकर जागरूकता का संदेश दिया। समारोह में सभी अतिथियों ने भामाशाहों के योगदान की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए विद्यालय के उत्कृष्ट शैक्षिक स्तर की प्रशंसा की। अंत में विद्यालय में रसोई एवं मुख्य द्वार निर्माण हेतु समाज के सहयोग का आह्वान किया गयाकृताकि शिक्षा का यह मंदिर और अधिक सशक्त बन सके।

