
3 मई को होने वाली नीट यूजी परीक्षा को लेकर राजस्थान में रेलवे स्पेशल ट्रेन चलाएगी। परीक्षार्थियों की सुविधा देखते हुए रेलवे ने विशेष व्यवस्था करते हुए जयपुर-अलवर और चूरू-जयपुर रूट पर अनारक्षित एग्जाम स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है।
जयपुर मंडल की सीनियर डीसीएम पूजा मित्तल ने बताया- नीट परीक्षा को देखते हुए उत्तर-पश्चिम रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए एक-एक ट्रिप की दो अनारक्षित स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। इससे परीक्षा देने आने वाले विद्यार्थियों और उनके परिजनों को राहत मिलेगी।
नीट के लिए राज्य के 27 जिलों में 611 परीक्षा केंद्रों बनाए गए हैं।
चूरू-जयपुर स्पेशल ट्रेन 3 मई को
ट्रेन नंबर 09717 चूरू-जयपुर अनारक्षित एग्जाम स्पेशल ट्रेन 3 मई को सुबह 6:10 बजे चूरू जंक्शन से रवाना होगी। ट्रेन सीकर होकर सुबह 11 बजे जयपुर पहुंचेगी। रूट में बिसाऊ, रामगढ़ शेखावाटी, फतेहपुर शेखावाटी, लक्ष्मणगढ़, पलसाना, रींगस, गोविंदगढ़ मलिकपुर, चौमूं सामोद और ढेहर का बालाजी स्टेशन पर ठहराव रहेगा।
जयपुर-अलवर स्पेशल ट्रेन शाम को रवाना होगी
ट्रेन नंबर 09719 जयपुर-अलवर अनारक्षित एग्जाम स्पेशल ट्रेन शाम 7:10 बजे जयपुर जंक्शन से रवाना होकर रात 10:55 बजे अलवर पहुंचेगी। यह ट्रेन गांधीनगर जयपुर, गैटोर जगतपुरा, खातीपुरा, बस्सी, दौसा, बांदीकुई, बसवा, राजगढ़ और मालाखेड़ा स्टेशन पर रुकेगी।
दोनों ट्रेनों में 12-12 डिब्बे लगाए जाएंगे
रेलवे के अनुसार- दोनों स्पेशल ट्रेनों में 10 साधारण श्रेणी और 2 गार्ड डिब्बे सहित कुल 12-12 कोच लगाए जाएंगे, ताकि ज्यादा यात्रियों को यात्रा सुविधा मिल सके।
बता दें कि 3 मई को आयोजित होने वाले एग्जाम में राज्य के 27 जिलों में 611 परीक्षा केंद्रों बनाए गए हैं। वहीं करीब 2.09 लाख अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी। जयपुर, सीकर और कोटा में इस बार भी प्रमुख परीक्षा केंद्र बने हैं। सबसे ज्यादा 106 परीक्षा केंद्र जयपुर में बनाए गए हैं, जबकि सीकर और कोटा में भी बड़ी संख्या में अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा के दौरान सुरक्षा, ट्रैफिक व्यवस्था, एंट्री प्रक्रिया और ड्रेस कोड को लेकर प्रशासन ने सख्त गाइडलाइन लागू की है।
परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
नीट को लेकर सभी जिलों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल तैनात रहेगा और अभ्यर्थियों की एंट्री जांच के बाद ही होगी। मोबाइल, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस और इलेक्ट्रॉनिक सामान पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
ट्रैफिक और SOP पर प्रशासन की नजर
परीक्षा के दिन बड़े शहरों में ट्रैफिक प्लान लागू रहेगा, ताकि अभ्यर्थियों को समय पर केंद्र तक पहुंचने में परेशानी न हो। परीक्षा केंद्रों के आसपास भीड़ नियंत्रण और पार्किंग व्यवस्था के लिए अलग टीम तैनात की जाएगी। प्रशासन ने अभ्यर्थियों को समय से पहले केंद्र पहुंचने की सलाह दी है।
जयपुर में सबसे ज्यादा 106 परीक्षा केंद्र
राजधानी जयपुर में 106 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इसके अलावा सीकर और कोटा भी परीक्षा के बड़े हब के रूप में सामने आए हैं, जहां बड़ी संख्या में विद्यार्थी परीक्षा देंगे।
ड्रेस कोड और जरूरी सामान को लेकर भी गाइडलाइन जारी
एनटीए ने नीट परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों के लिए ड्रेस कोड और जरूरी सामान को लेकर भी निर्देश जारी किए-
- अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र पर पारदर्शी पानी की बोतल लेकर जा सकते हैं।
- धार्मिक मान्यता से जुड़े वस्त्र या सामान पहनने की अनुमति होगी।
- उम्मीदवारों को समय से पहले केंद्र पहुंचना होगा, ताकि जांच प्रक्रिया पूरी की जा सके।
- हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी गई है।
- जरूरत होने पर फुल स्लीव्स कपड़े पहनने की भी अनुमति रहेगी।
- फुटवियर में चप्पल या कम हील वाले सैंडल पहनने को प्राथमिकता दी गई है।

