
हनुमानगढ़। जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार पूरे जिले में चलाए जा रहे यातायात जागरूकता अभियान के तहत पुलिस द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में यातायात थाना प्रभारी अनिल चिन्दा के नेतृत्व में बीती रात विशेष अभियान चलाकर नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान चौपहिया वाहनों की विशेष जांच की गई, जिसमें शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों पर कड़ी नजर रखी गई। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन कारों को सीज किया, जिनके चालक शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पाए गए। इसके अलावा बिना नंबर प्लेट के चल रही और शराब सेवन कर रहे चालकों की चार बाइकों को भी जब्त किया गया।
कार्रवाई की खास बात यह रही कि सीज की गई तीनों कारें हरियाणा नंबर की पाई गईं। इन वाहनों की विशेष रूप से जांच की जा रही है ताकि इनके संचालन से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा सके। पुलिस का कहना है कि बाहरी राज्यों के वाहनों की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है, जिससे किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को रोका जा सके।
यातायात थाना प्रभारी अनिल चिन्दा ने बताया कि लगातार समझाइश देने के बावजूद कई लोग यातायात नियमों की अनदेखी कर रहे हैं, जिससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने आमजन से अपील की कि शराब पीकर वाहन न चलाएं, क्योंकि यह न केवल उनकी अपनी जान के लिए खतरा है बल्कि दूसरों के लिए भी जानलेवा साबित हो सकता है।
उन्होंने कहा कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाएं लापरवाही और नशे की हालत में वाहन चलाने के कारण होती हैं, जिनमें कई निर्दोष लोग भी अपनी जान गंवा देते हैं। इसलिए सभी वाहन चालकों को जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाना चाहिए और यातायात नियमों का पालन करना चाहिए।
पुलिस द्वारा यह अभियान आगे भी लगातार जारी रखा जाएगा। इसके साथ ही लोगों को जागरूक करने के लिए विभिन्न माध्यमों से संदेश भी दिए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग नियमों के प्रति सजग बनें और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

