
हनुमानगढ़। सामाजिक सरोकारों की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए जोडकिया निवासी गोदारा परिवार ने स्व. चौधरी रत्तीराम गोदारा की याद में जाट भवन हनुमानगढ़ के बाहर आमजन को तपती गर्मी में राहत देने के लिए एक वाटर कूलर भेंट किया। भीषण गर्मी को देखते हुए यह योगदान भवन में आने वाले लोगों के लिए राहत प्रदान करेगा। इस वाटर कूलर का लोकार्पण एक सादे लेकिन गरिमामय समारोह में भाजपा नेता अमित चौधरी, जाट जिला जाट समिति के अध्यक्ष इंद्रपाल रणवां, जाट भवन अध्यक्ष अनिल थोरी तथा अन्य गणमान्य लोगों की उपस्थिति में किया गया।
कार्यक्रम के दौरान चंदूराम गोदारा और पृथ्वी गोदारा ने अपने स्वर्गीय पिता रतिराम जी गोदारा की स्मृति में यह वाटर कूलर भेंट किया। उन्होंने बताया कि उनके पिता हमेशा समाज सेवा और जनहित के कार्यों में अग्रणी रहते थे, उन्हीं की प्रेरणा से यह सेवा कार्य किया गया है। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने गोदारा परिवार की इस पहल की भूरी-भूरी प्रशंसा की और इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।
भाजपा नेता अमित चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि समाज में ऐसे कार्यों से ही सकारात्मक बदलाव आता है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर इस प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध करवाना अत्यंत आवश्यक है, खासकर गर्मी के मौसम में, जब पानी की आवश्यकता अधिक होती है। वहीं इंद्रपाल रणवां ने कहा कि जाट भवन समाज का एक प्रमुख केंद्र है, जहां प्रतिदिन अनेक लोग आते हैं, ऐसे में वाटर कूलर की व्यवस्था निश्चित रूप से राहगीरों के लिए उपयोगी साबित होगी।
जाट भवन अध्यक्ष अनिल थोरी ने गोदारा परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के सहयोग से समाजिक संस्थाओं को मजबूती मिलती है। उन्होंने अन्य लोगों से भी समाज सेवा के कार्यों में आगे आने का आह्वान किया।
इस मौके पर अनिल गोदारा, सुधीर गोदारा, राजेश गोदारा, प्रवीण गोदारा, कपिल सहारण, अजय रेवाड़, विनोद भाम्भू, रवि चोटिया, संदीप सिरावता, ओम गोदारा, सुरेन्द्र जाखड़, गुरमुख सिंह सहित अन्य गणमान्य नागरीक मौजूद थे।

