
बालोतरा जिले में युवक का अपहरण कर पीट-पीटकर हत्या करने के बाद शव को पाली में कुएं में फेंक दिया। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। सात दिन पहले छोटे भाई के लापता होने से सदमे में बड़े भाई ने ट्रेन के आगे कूदकर सुसाइड कर लिया। पुलिस ने मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मजदूरी के दौरान हुआ विवाद बना हत्या की वजह
पाली जिले के जेतपुर थानाप्रभारी अरुण कुमार ने बताया- मामला बालोतरा के समदड़ी थाना क्षेत्र के बामसनी गांव का है। बचिया उर्फ सुरेश सिवाना (बालोतरा) में मजदूरी करता था। 15 अप्रैल को वीर बापजी मंदिर के पास उसका ईश्वर भील से विवाद हुआ था। इसी रंजिश में आरोपी लगातार उसकी निगरानी कर रहे थे।
अपहरण के बाद बेरहमी से पीटकर हत्या
23 अप्रैल की शाम सुरेश को देवड़ा गांव की सरहद में रेलवे फाटक के पास रोका गया। आरोपियों ने पहले उसके साथ मारपीट की, फिर अपहरण कर सुनसान जगह ले जाकर बेरहमी से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस से बचने के लिए कुएं में ठिकाने लगाया शव
हत्या के बाद आरोपी शव को बाइक और फिर ईको वैन से कई किलोमीटर दूर पाली जिले के जेतपुर थाना क्षेत्र के राणा गांव ले गए। शव को एक कुएं में फेंक दिया। 2 अप्रैल को सूचना पर जेतपुरा (पाली) और समदड़ी (बालोतरा) पुलिस मौके पर पहुंची। शाम करीब 6 बजे कुएं से शव निकालकर मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम कराया और परिजनों को सौंपा।
छोटे भाई के गम में बड़े भाई ने किया सुसाइड
सुरेश के लापता होने के बाद परिवार लगातार उसकी तलाश में जुटा था। मानसिक तनाव और सदमे में उसके बड़े भाई ने 27 अप्रैल को ट्रेन के आगे कूदकर सुसाइड कर लिया। एक ही परिवार में दो बेटों की मौत से गांव में मातम छा गया।
तकनीकी जांच से खुला मामला, 5 आरोपी गिरफ्तार
समदड़ी थानाप्रभारी नरपतदान के नेतृत्व में पुलिस और साइबर टीम ने पूछताछ में आरोपियों ने पूरा घटनाक्रम कबूल किया। 2 अप्रैल को पुलिस ने बालोतरा के सिवाना थाना क्षेत्र के खाखरलाई गांव निवासी किशनाराम (27) पुत्र बालकराम, गणपतराम (31) पुत्र बालकराम, टीकमराम (27) पुत्र भोलाराम, जगदीश (31) पुत्र पूनमाराम और हिंगाराम (18) पुत्र पांचाराम को गिरफ्तार किया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है

