
श्रीगंगानगर ।पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा को पूर्ण बहुमत मिलने पर श्रीगंगानगर जिले के विजयनगर में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा जश्न मनाया गया। कार्यकर्ताओं ने बाजार में विजय रैली निकाली, जगह-जगह लड्डू बांटे और पटाखे फोड़कर जीत का जश्न मनाया। बाजार में भाजपा के झंडे लहराए गए।
रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी और नरेंद्र मोदी जिंदाबाद और अबकी बार पूर्ण बहुमत जैसे नारे लगाए गए। मिठाइयां बांटते हुए कार्यकर्ता एक-दूसरे को बधाई देते नजर आए।
ममता की तानाशाही उखड़ गई
रायसिंहनगर के पूर्व विधायक बलवीर लूथरा ने कहा- बंगाल में तृणमूल कांग्रेस और ममता बनर्जी की करारी हार हुई है। ममता बनर्जी वर्षों से बंगाल में तानाशाही वाली सरकार चला रही थी। जिस तरह से भाजपा को बंगाल में भारी बहुमत मिला है, उससे लगता है कि बंगाल के लोगों को सरकार का तानाशाही रवैया समझ आ गया और उन्होंने ममता बनर्जी की सरकार को उखाड़ फेंका।
लूथरा ने कहा- अगर पश्चिम बंगाल का कोई भला कर सकता है तो वह देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। इसलिए बंगाल की जनता ने मोदी पर विश्वास जताया है और पूर्ण प्रचंड बहुमत से विजय दिलाई है। उन्होंने इस जीत को लोकतंत्र की जीत और जनता की जीत बताते हुए कहा कि अब बंगाल में विकास की नई लहर आएगी।
