
मोबाइल के लिए 18 साल के युवक का किडनैप कर उसका मर्डर कर दिया गया है। अरोप है कि गांव के ही युवक उसके घर आए और थार गाड़ी में किडनैप कर ले गए थे। उसकी बॉडी उसके घर से 10 किलोमीटर दूर सेलू चौराहे के आगे खाट का नाला में पेड़ के पास मिली है। आरोपी सभी युवक फरार हैं। मामला सवाई माधोपुर के कुंडेरा इलाके के उलियाना गांव का है।
मोबाइल लेने की बात पर हुआ था विवाद
शनिवार सुबह 5:30 बजे उलियाना गांव के रहने वाले मनकुश मीणा का शव मिला। मनकुश के ताऊ भरतलाल मीणा ने बताया- शुक्रवार को परिवार के लोग शादी में गए हुए थे। घर पर मनकुश और उसकी बहन दोनों थे।
शुक्रवार शाम करीब 5 बजे गांव के ही सुरेंद्र, जितेंद्र अंकित, अमित, भीम सिंह, प्रभुलाल और कमलेश बिना नंबर की थार लेकर उनके घर आए।
यहां मोबाइल लेने की बात पर विवाद हुआ। इसके बाद ये लोग मनकुश को किडनैप कर अपने साथ ले गए।
रात को परिवार वाले घर पहुंचे। पता चला कि मनकुश का किडनैप हो गया है। उसे कॉल किया गया। फोन बंद था। इसके बाद परिवार के लोग कुंडेरा थाने पहुंचे।
परिजन बोले- शरीर पर शर्ट तक नहीं थी
सीओ सिटी उदय सिंह मीणा ने बताया कि शुक्रवार रात को जब परिजन पहुंचे तो पुलिस ने अपने स्तर पर उसकी तलाश शुरू कर दी थी। मनकुश के मोबाइल पर कॉल भी किया गया लेकिन वह बंद निकला।
सुबह करीब 5:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि सेलू चौराहे के आगे एक बॉडी पड़ी है। पुलिस मौके पर पहुंची और उसकी पहचान मनकुश के रूप में हुई।
परिजनों का कहना है कि मनकुश की बॉडी पर चोट के निशान थे। शरीर से शर्ट गायब थी। पुलिस ने मनकुश की बॉडी को सवाई माधोपुर के जिला हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया है।
पुलिस को ऑनलाइन फ्रॉड का भी शक
सीओ सिटी उदय सिंह मीणा ने बताया कि सुनने में आ रहा है कि ऑनलाइन फ्रॉड को लेकर भी इनके बीच विवाद चल रहा था। हालांकि पुलिस की ओर से इसकी पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन हम इस एंगल पर जांच कर रहे हैं। मनकुश के ताऊ की रिपोर्ट पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इस हत्याकांड में और लोग भी शामिल हो सकते हैं।
मनकुश की चार बहनें हैं। वह इकलौता भाई था। मनकुश से बड़ी तीन बहनों की शादी हो चुकी है। एक छोटी बहन और मनकुश की शादी नहीं हुई थी।
