
हनुमानगढ़। जिला पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीणा के निर्देशानुसार यातायात शाखा हनुमानगढ़ द्वारा रात्रिकालीन विशेष चेकिंग अभियान चलाकर शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। यातायात थाना अधिकारी अनिल चिन्दा के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के दौरान चार लग्जरी गाड़ियां, एक टैक्सी तथा तीन दोपहिया वाहनों को सीज किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप मच गया तथा देर रात तक विभिन्न स्थानों पर सघन जांच अभियान जारी रहा।
यातायात थाना अधिकारी अनिल चिन्दा ने बताया कि मोटर व्हीकल अधिनियम के तहत शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं का एक बड़ा कारण नशे की हालत में वाहन चलाना है। ऐसे वाहन चालक न केवल अपनी जान जोखिम में डालते हैं, बल्कि आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा बन जाते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस द्वारा नियमित रूप से विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि रात्रि गश्त के दौरान संदिग्ध वाहनों को रोककर चालकों की जांच की गई। जांच के दौरान कई वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए, जिनके खिलाफ तत्काल कार्रवाई करते हुए उनके वाहन सीज किए गए। पुलिस द्वारा चालकों के दस्तावेजों की भी जांच की गई तथा यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों को चेतावनी दी गई।
अनिल चिन्दा ने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। यदि कोई व्यक्ति नियमों की अवहेलना करता पाया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि शराब पीकर वाहन चलाने से बचें तथा अपने परिवार और समाज की सुरक्षा को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी लापरवाही कई परिवारों की खुशियां छीन सकती है।
उन्होंने बताया कि कई बार निर्दोष लोग भी शराब पीकर वाहन चलाने वालों की वजह से सड़क दुर्घटनाओं का शिकार हो जाते हैं। ऐसे हादसों को रोकने के उद्देश्य से यातायात पुलिस पूरी गंभीरता के साथ अभियान चला रही है। आने वाले दिनों में भी यह विशेष चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
