
हनुमानगढ़। जिला रेल यात्री वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सांसद कुलदीप इंदौरा से मुलाकात कर हनुमानगढ़ क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर विभिन्न मांगों का ज्ञापन सौंपा। इस दौरान एसोसिएशन के सदस्यों ने सांसद का पगड़ी पहनाकर एवं माल्यार्पण कर स्वागत और सम्मान किया। प्रतिनिधिमंडल ने हनुमानगढ़ से नई दिल्ली एवं चंडीगढ़ के लिए नई रेलगाड़ियों के संचालन, नई रेलवे वॉशिंग लाइन निर्माण तथा विभिन्न लंबित रेल परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करवाने की मांग उठाई।
एसोसिएशन के अध्यक्ष विशु वर्मा ने सांसद कुलदीप इंदौरा का बाड़मेर से हरिद्वार तक शुरू की गई हॉलीडे रेल सेवा के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह रेल सेवा क्षेत्र के यात्रियों के लिए बेहद उपयोगी साबित हो रही है। साथ ही उन्होंने मांग की कि इस रेलगाड़ी को अस्थायी के बजाय स्थायी रूप से प्रतिदिन संचालित किया जाए, ताकि यात्रियों को नियमित सुविधा मिल सके।
बैठक के दौरान गाड़ी संख्या 14804 जम्मू तवी-भगत की कोठी एक्सप्रेस की वर्तमान समय सारणी का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि मौजूदा समय सारणी यात्रियों के लिए सुविधाजनक नहीं है, जिसके कारण इस रेलगाड़ी को पर्याप्त यात्री भार नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने सांसद से आग्रह किया कि इस ट्रेन को पूर्व की समय सारणी के अनुसार संचालित करवाया जाए ताकि यात्रियों को राहत मिल सके और रेलवे को भी लाभ प्राप्त हो।
एसोसिएशन के वित्त सचिव प्रदीप मित्तल ने कहा कि हनुमानगढ़-सादुलपुर रेल मार्ग लंबे समय से उपेक्षा का शिकार रहा है। उन्होंने हनुमानगढ़ से दिल्ली के लिए वाया सादुलपुर एक नई रेलगाड़ी शुरू करने की मांग की। इसके साथ ही भटिंडा तक संचालित किसान एक्सप्रेस रेल सेवा का विस्तार हनुमानगढ़ तक किए जाने का भी आग्रह किया गया, जिससे क्षेत्र के किसानों, व्यापारियों एवं आम यात्रियों को सीधा लाभ मिल सके।
एसोसिएशन के सह सचिव राजीव मिश्रा ने हनुमानगढ़ से चंडीगढ़ के लिए सीधी रेल सेवा शुरू करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोग शिक्षा, चिकित्सा, व्यापार एवं अन्य कार्यों के लिए चंडीगढ़ जाते हैं, लेकिन सीधी रेल सेवा नहीं होने से यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है।
इसके अतिरिक्त प्रतिनिधिमंडल ने हनुमानगढ़ रेलवे स्टेशन पर नई रेलवे वॉशिंग लाइन के निर्माण की मांग भी रखी। उन्होंने कहा कि इससे रेलवे संचालन में सुविधा बढ़ेगी और नई रेल सेवाओं के संचालन का मार्ग भी प्रशस्त होगा। साथ ही गांधीनगर में अधूरे पड़े फुट ओवर ब्रिज का निर्माण शीघ्र पूरा करवाने की मांग भी सांसद के समक्ष रखी गई।
इस अवसर पर संयोजक प्यारेलाल बंसल, रमेश कुमार, नवल किशोर, एडवोकेट जगदीश अग्रवाल सहित एसोसिएशन के कई सदस्य उपस्थित रहे। सांसद कुलदीप इंदौरा ने प्रतिनिधिमंडल को उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
