
हनुमानगढ़। मातृ दिवस के अवसर पर सामाजिक सरोकारों और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए महावीर इंटरनेशनल वीरा केन्द्र द्वारा रविवार को विभिन्न सेवा गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत टाउन स्थित राजकीय चिकित्सालय के जच्चा-बच्चा वार्ड में भर्ती माताओं को गर्म चाय एवं फलों का वितरण किया गया। विशेष बात यह रही कि प्लास्टिक मुक्त भारत अभियान को बढ़ावा देते हुए चाय का वितरण मिट्टी से बने कुल्लड़ों में किया गया, जिसकी उपस्थित लोगों ने सराहना की।
महावीर इंटरनेशनल वीरा केन्द्र की अध्यक्ष कंचन गुप्ता ने बताया कि केन्द्र की महिलाओं द्वारा प्रत्येक रविवार को सेवा कार्यों का आयोजन किया जाता है। मातृ दिवस के अवसर पर आयोजित इस विशेष कार्यक्रम का उद्देश्य मातृत्व का सम्मान करना, अस्पताल में भर्ती महिलाओं के प्रति संवेदनशीलता प्रकट करना तथा समाज में सेवा भावना को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि संस्था सदैव सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों को प्राथमिकता देती रही है और आगे भी इसी प्रकार जनसेवा के कार्य निरंतर जारी रहेंगे।
कार्यक्रम के दौरान अस्पताल में मौजूद महिलाओं को फल वितरित कर उनके स्वास्थ्य की कुशलक्षेम भी पूछी गई। इस अवसर पर चिकित्सालय स्टाफ ने भी संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे प्रेरणादायी पहल बताया।
इसके पश्चात महावीर इंटरनेशनल द्वारा वीरा केन्द्र के सहयोग से “परिण्डा लगाओ महाअभियान” की शुरुआत की गई। अभियान के प्रथम चरण में हनुमानगढ़ जंक्शन के सेक्टर-9 स्थित विनय वाटिका में 100 परिण्डे लगाए गए। भीषण गर्मी को देखते हुए पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था करने के उद्देश्य से यह अभियान शुरू किया गया है।
महावीर इंटरनेशनल अध्यक्ष गौरव जैन ने बताया कि जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव के आह्वान व बढ़ती गर्मी में पक्षियों को पानी की भारी आवश्यकता को देखते हुए संस्था द्वारा परिण्डे लगाकर जीवों के प्रति संवेदनशीलता का संदेश दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह अभियान वीरा केन्द्र के सहयोग से निरंतर जारी रहेगा तथा आने वाले समय में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण अभियान भी चलाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत संस्था के प्रत्येक सदस्य ने अपने-अपने घरों में पांच-पांच परिण्डे लगाए हैं। इसके अलावा सार्वजनिक स्थलों पर भी परिण्डे लगाए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक पक्षियों को राहत मिल सके। इन परिण्डों में नियमित रूप से पानी भरने की जिम्मेदारी क्लब सदस्यों एवं स्थानीय मोहल्लेवासियों ने ली है।
कार्यक्रम में संस्था से जुड़े सदस्यों एवं महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और समाज को सेवा, पर्यावरण संरक्षण तथा जीव-दया का संदेश दिया। इस मौके पर कोमल मुरजानी, कलावती गोयल, सुचेता जैन, डॉ. दीपिका जैन, पिंकी संकलेचा, रितिका छाबड़ा, अविशी छाबड़ा, पूजा जैन, प्रेक्षा बांठिया, श्वेता बब्बर, देविका कोठारी, उषा भारतीय, कमलेश गुप्ता, यादवेन्द्र सिंह, अरमजीत सिंह सेठी, डॉ. प्रीतपाल सिंह, राजेन्द्र सेठी, केशव शर्मा, कुलवंत सिंह, पूर्ण मांडिया, बलविन्द्र गर्ग, गौरव सिंगला, अजीत सिंह, केके छोकरा, ओमप्रकाश सहारण, आशीष अग्रवाल, राकेश अग्रवाल, डॉ. संतोष अग्रवाल, मनदीप खोसा, रमन गुप्ता व अन्य वार्डवासी मौजूद थे।
