
श्रीगंगानगर।रायसिंहनगर निवासी युवक से ऑस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर 13.58 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। युवक के पिता ने एच ब्लॉक स्थित सलूजा कंसल्टेंसी से संपर्क किया था, जहां कम खर्च में ऑस्ट्रेलिया भेजने का भरोसा दिया गया। अलग-अलग तारीखों में लाखों रुपए ट्रांसफर करवाने के बाद आरोपियों ने वीजा नहीं दिया और टालमटोल शुरू कर दी। बाद में कंसल्टेंसी ऑफिस बंद मिला और दंपति फरार हो गया। कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ऑस्ट्रेलिया भेजने का दिया था भरोसा
कोतवाली थाना क्षेत्र के रायसिंहनगर निवासी जगप्रीत सिंह ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उन्होंने अपने बेटे समनदीप सिंह को विदेश भेजने के लिए श्रीगंगानगर के एच ब्लॉक स्थित सलूजा कंसल्टेंसी से संपर्क किया था। वहां उनकी मुलाकात कंसल्टेंसी संचालक सोभा सलूजा से हुई।
जगप्रीत सिंह के अनुसार सोभा सलूजा ने भरोसा दिलाया कि वह कम पैसों में उनके बेटे को ऑस्ट्रेलिया भेज देगी। इसके बाद उन्होंने अलग-अलग तारीखों में रकम जमा करवानी शुरू कर दी।
फोन-पे और ट्रांसफर से लिए गए लाखों रुपए
रिपोर्ट के अनुसार 21 जुलाई 2025 को फोन-पे के जरिए 75 हजार रुपए सोभा सलूजा के खाते में जमा करवाए गए। इसके अगले दिन 22 जुलाई को सलूजा कंसल्टेंसी के खाते में 3 लाख 25 हजार रुपए ट्रांसफर किए गए।
इसके बाद 3 सितंबर 2025 को अतिरिक्त फीस के नाम पर 48 हजार रुपए लिए गए। फिर 1 नवंबर को 70 हजार रुपए, 3 नवंबर को 3 लाख रुपए और 6 नवंबर 2025 को 5 लाख रुपए अलग-अलग ट्रांजेक्शन से लिए गए। इस तरह कुल 13 लाख 58 हजार रुपए आरोपियों को दिए गए।
वीजा नहीं मिला तो शुरू की टालमटोल
जगप्रीत सिंह ने बताया कि जब उन्होंने अपने बेटे के वीजा के बारे में जानकारी मांगी तो सोभा सलूजा और उसके पति प्रमोद सलूजा टालमटोल करने लगे। बाद में प्रमोद सलूजा पदमपुर आया और 15-20 दिनों में पैसे लौटाने का भरोसा दिया।
इसके बाद दोनों के मोबाइल फोन स्विच ऑफ आने लगे। जब शिकायतकर्ता कंसल्टेंसी ऑफिस पहुंचे तो वहां ताला लगा मिला।
डेढ़ महीने से बंद मिला ऑफिस
पड़ोसियों ने शिकायतकर्ता को बताया कि कंसल्टेंसी ऑफिस करीब डेढ़ महीने से बंद पड़ा है और दंपति वहां से जा चुका है। इसके बाद जगप्रीत सिंह ने दोनों आरोपियों के खिलाफ ठगी और धोखाधड़ी का मामला दर्ज करवाया।
कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई पदम सिंह कर रहे हैं।
