
श्रीगंगानगर। जिले की ग्राम पंचायत धर्मसिंहवाला में जल जीवन मिशन के कार्यों में अनियमितताओं और पेयजल समस्या को लेकर ग्रामीणों ने जलदाय विभाग कार्यालय में विरोध-प्रदर्शन किया। ग्रामीण अधूरे कार्यों और पेयजल आपूर्ति में लापरवाही को लेकर धरने पर बैठ गए। उनका आरोप है कि गांव में पानी सप्लाई और विकास कार्यों में गंभीर लापरवाही बरती जा रही है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
विरोध-प्रदर्शन के दौरान हुई बैठक में जलदाय विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत स्वीकृत कार्यों में स्वच्छ जलाशय, पम्प हाउस, आरओ फिल्टर प्लांट और उच्च जलाशय (OHSR) सहित कई निर्माण कार्य पूरे किए जा चुके हैं। विभाग ने दावा किया कि शेष कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे कर दिए जाएंगे।
सहायक अभियंता राहुल ने लिखित रूप में आश्वासन दिया कि धर्मसिंहवाला सहित विभिन्न गांवों और चकों में लंबित पाइपलाइन, नई पेयजल लाइन और नल कनेक्शन से जुड़े कार्य 45 दिनों में पूरे किए जाएंगे। वहीं पम्पिंग मशीन स्थापना, टैंक कमिशनिंग और आरओ ब्लोअर स्थापना का कार्य 30 जून 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा हेडवर्क्स विकास कार्य 30 जुलाई तक पूरा किया जाएगा।
जिन ग्राम चकों में पेयजल पाइपलाइन डालकर योजना शुरू की जा चुकी है, वहां नहरबंदी के बाद पेयजल आपूर्ति की समीक्षा के लिए कनिष्ठ अभियंता की अध्यक्षता में समिति गठित की जाएगी। समिति जांच कर यह सुनिश्चित करेगी कि प्रत्येक चक और गांव के अंतिम छोर तक नियमित और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध हो सके।
नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने का आश्वासन
इसके साथ ही जिन क्षेत्रों में अब तक पेयजल पाइपलाइन नहीं पहुंची है, वहां अस्थायी रूप से नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने का आश्वासन भी दिया गया, ताकि ग्रामीणों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। इस दौरान सुधीर गोस्वामी, सतपाल गोस्वामी, सुभाष गिरी, दलीप तरड़, हरदीप सिंह, हरभजन सिंह, हरजिंदर सिंह, रसील बिश्नोई, ओम बिश्नोई, जैन बिश्नोई, राकेश गिरी, रामलाल, खेतपाल, जेसाराम और रामकुमार बिश्नोई सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
