
हनुमानगढ़। की राज औलख को अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट नर्सिंग सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया है। यह सम्मान मंगलवार को जयपुर स्थित एसएमएस मेडिकल कॉलेज के ऑडिटोरियम में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में प्रदान किया गया।
राजस्थान सरकार के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं निदेशालय ने राज औलख का नाम प्रदेश के श्रेष्ठ नर्सिंगकर्मियों की चयन सूची में शामिल किया था। उन्हें नर्सिंग सेवाओं में उल्लेखनीय योगदान, मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार और स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति समर्पित कार्य के लिए यह सम्मान दिया गया।
इस राज्य स्तरीय समारोह में राजस्थान के विभिन्न जिलों से कुल 18 नर्सिंगकर्मियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ उपस्थित रहे।
राज औलख वर्तमान में राजकीय नर्सिंग कॉलेज में प्रिंसिपल के पद पर कार्यरत हैं। इसके अतिरिक्त वे एएनएम प्रशिक्षण केंद्र में नर्सिंग अधीक्षक के रूप में भी सेवाएं दे रही हैं। उन्होंने लंबे समय से नर्सिंग शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़कर जिले में कई प्रशिक्षु नर्सिंगकर्मियों को प्रशिक्षित किया है, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद राज औलख ने इसे पूरे जिले और नर्सिंग समुदाय के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि नर्सिंग केवल एक पेशा नहीं, बल्कि सेवा और समर्पण का माध्यम है। मरीजों की देखभाल और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रही है।
जिले के चिकित्सा एवं नर्सिंग क्षेत्र से जुड़े लोगों ने भी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने इसे हनुमानगढ़ के लिए एक गौरवपूर्ण उपलब्धि करार दिया।
