
हनुमानगढ़। जंक्शन के गांधीनगर रेलवे फुटओवरब्रिज (एफओबी) का निर्माण कार्य कई वर्षों से अधूरा है, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी हो रही है। बीकानेर मंडल के डीआरएम गौरव गोयल ने सोमवार को हनुमानगढ़ रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान गांधीनगर साइड एफओबी के लंबित कार्य पर भी चर्चा हुई।
इस दौरान डीआरएम गोयल ने बताया कि गांधीनगर साइड पर सीढ़ियों के निर्माण को लेकर दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन पाने के कारण कार्य रुका हुआ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक यह विवाद हल नहीं होता, रेलवे कार्य पूरा नहीं कर पाएगा। उन्होंने दोनों पक्षों से आपसी सहमति से विवाद सुलझाने की अपील की।
पुनर्विकास कार्यों का लिया जायजा डीआरएम गोयल ने सोमवार देर रात तक स्टेशन पर अमृत भारत योजना के तहत चल रहे पुनर्विकास कार्यों का भी जायजा लिया। इससे पहले, उन्होंने बीकानेर से हनुमानगढ़ तक फुटप्लेट निरीक्षण किया, जिसमें यात्रियों की सुविधाओं, साफ-सफाई और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
4 साल पहले शुरू हुआ था निर्माण गांधीनगर फुटओवरब्रिज का निर्माण लगभग 4 साल पहले शुरू हुआ था। रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास और यात्रियों की सुविधा के लिए यह परियोजना महत्वपूर्ण मानी गई थी। परियोजना का लगभग 70 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है, लेकिन तकनीकी कारणों और सीढ़ियों की ड्राइंग में बदलाव को लेकर विवाद के कारण काम बीच में ही रुक गया।
पुल का निर्माण अधूरा होने से गांधीनगर क्षेत्र के निवासियों और यात्रियों को सर्वाधिक परेशानी हो रही है। लोगों को बाजार जाने के लिए लंबा रास्ता तय करना पड़ता है या जोखिम उठाकर पटरियां पार करनी पड़ती हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
