
हनुमानगढ़। जंक्शन थाना पुलिस ने दुकान के आगे से गेहूं के कट्टे चोरी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह चोरी धानमंडी क्षेत्र स्थित एक आढ़त की दुकान से हुई थी।
गिरफ्तार आरोपियों में पुरानी खुंजा निवासी इरफान अली शाह और भट्टा कॉलोनी, हनुमानगढ़ जंक्शन निवासी जितेंद्र सिंह उर्फ प्रिंस शामिल है। पुलिस के अनुसार आरोपी रात के समय बाइक पर आए थे और दुकान के बाहर रखे गेहूं के 5 कट्टे चुराकर फरार हो गए थे।
रात में बाइक पर चोरी कर ले गए थे गेहूं के 5 कट्टे इस संबंध में 10 मई को धानमंडी निवासी लखवीर सिंह मान ने जंक्शन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। लखवीर सिंह ने बताया था कि उनकी “मान ब्रदर्स” नाम से आढ़त की दुकान है, जिसके आगे से अज्ञात व्यक्तियों ने रात में गेहूं के पांच कट्टे चुरा लिए।
रिपोर्ट के आधार पर जंक्शन थाना में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गेहूं के सीजन के दौरान इस तरह की चोरी की घटनाएं किसानों और व्यापारियों के लिए चिंता का विषय बनी रहती हैं। किसान अक्सर अपनी उपज की सुरक्षा के लिए मंडी में ही रहकर रखवाली करते हैं।
