
हनुमानगढ़ । नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई की है। पुलिस ने डोडा-पोस्त सहित 2 तस्करों और 25 हजार रुपए के एक इनामी तस्कर को गिरफ्तार किया है। इन तीनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
टिब्बी थाना पुलिस ने गश्त के दौरान 2 आरोपियों को डोडा-पोस्त के साथ पकड़ा। पुलिस ने तंदूरवाली निवासी कालूराम और गौरीशंकर को बाइक पर 25 किलो 450 ग्राम डोडा-पोस्त ले जाते हुए गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई एसआई हरबंश लाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की।
जंक्शन थाना पुलिस ने 2 एनडीपीएस मामलों में वांछित 25 हजार रुपए के इनामी तस्कर प्रदीप कोहला को गिरफ्तार किया। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस के अनुसार, प्रदीप के खिलाफ जंक्शन, टाउन और तलवाड़ा थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत पांच मामले दर्ज हैं। उसे चिट्टा सप्लाई नेटवर्क से जुड़ा एक सक्रिय तस्कर बताया जा रहा है। पुलिस उससे पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
