
जोधपुर-जैसलमेर बाइपास (रिंग रोड) पर चौखा केरू क्षेत्र में घुमाव और रॉयल्टी नाके के चलते ट्रक में पीछे से डंपर ने टक्कर मार दी, जिसमें डंपर ड्राइवर की मौत हो गई। केरू 12 मील क्षेत्र में रॉयल्टी नाके के पास बने कट पर यू-टर्न लेते समय यह हादसा हुआ। घटना मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे की है, जिसका एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है।
केबिन में फंसा ड्राइवर, रास्ते में तोड़ा दम
राजीव गांधी नगर थाने के एसआई पिंटू कुमार ने बताया कि डालीबाई चौराहा की तरफ से आ रहा खाली डंपर यू टर्न ले रहे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसा। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रक अनियंत्रित हो गया, लेकिन भारी पत्थरों से भरा होने की वजह से पलटने से बच गया।
क्रेन की मदद से बाहर निकाला
डंपर का आगे का हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और ड्राइवर मांगीलाल (61) सीट व ट्रक के बीच बुरी तरह फंस गया। पुलिस ने स्थानीय लोगों और क्रेन की मदद से उसे बाहर निकाला और एमडीएम अस्पताल भिजवाया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। मृतक के बेटे खेड़ी सालवा निवासी श्रवण की रिपोर्ट पर पुलिस ने ट्रक ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
कट पर यू-टर्न लेते समय हादसा
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि यह घुमावदार मोड़, हाईवे पर बना एक ‘यू-टर्न पॉइंट’ है। फुटेज में ट्रक काफी धीमी गति से टर्न लेता हुआ दिखाई दे रहा है, लेकिन तेज रफ्तार डंपर ट्रक के पिछले हिस्से से जा टकराया। स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रक चालक इसी मोड़ पर रोड के दूसरी तरफ स्थित ‘रॉयल्टी नाके’ पर जाने के लिए गाड़ी को इस कट से यू-टर्न करवा रहा था, इस दौरान यह हादसा हो गया।
यहां पहले भी जा चुकी 4 जानें
चौखा क्षेत्र का यह घुमावदार मोड़ और इसके ठीक सामने स्थित धर्मकांटा एक ‘ब्लैक स्पॉट’ बन चुका है। रिंग रोड होने के कारण यहां वाहनों की रफ्तार तेज रहती है। रॉयल्टी नाके तक जाने के लिए भारी वाहन ड्राइवर इसी साइड लेन के कट (यू-टर्न) का इस्तेमाल करते हैं।
रॉयल्टी नाके की जगह तक नहीं बदली
चौखा गांव से आने वाले लोग भी रिंग रोड पर चढ़ने के लिए पहले ‘कट-1’ क्रॉस करते हैं और फिर ‘कट-2’ से वाहन आगे ले जाते हैं। इसी कट पर जुलाई 2023 में भी दो अलग-अलग सड़क हादसों में 4 लोगों की मौत हो चुकी है। लगातार हो रहे हादसों के बावजूद न तो कट को सुरक्षित किया गया और न ही रॉयल्टी नाके की जगह बदली गई।
हाईकोर्ट भी ले चुका संज्ञान
इसी ब्लैक स्पॉट हादसों को लेकर राजस्थान हाईकोर्ट ने स्वत: संज्ञान लेकर संबंधित विभागों को कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। ताजा हादसे के बाद पुलिस प्रशासन भी हरकत में आ गया। पुलिस ने एनएचएआई के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर इस जानलेवा कट और धर्मकांटे की स्थिति से अवगत करवाया है।
