
रावतसर धानमंडी में बारदाने की भारी किल्लत को लेकर व्यापारियों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार को फूड ग्रेन मर्चेंट एसोसिएशन के बैनर तले बड़ी संख्या में व्यापारी उपखंड कार्यालय पहुंचे और एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर तुरंत बारदाना उपलब्ध करवाने की मांग की।एसोसिएशन अध्यक्ष राय सिंह मील के नेतृत्व में पहुंचे व्यापारियों ने बताया कि मंडी में गेहूं की लगातार बढ़ती आवक के बावजूद पर्याप्त बारदाना उपलब्ध नहीं होने से खरीद व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही है। व्यापारियों के अनुसार मंडी में लाखों क्विंटल गेहूं खुले में पड़ा हुआ है, जबकि सुचारू उठाव और भंडारण के लिए करीब 9 लाख कट्टों की तत्काल आवश्यकता है।व्यापारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि बुधवार तक बारदाने की व्यवस्था नहीं की गई तो गुरुवार से मंडी बंद कर एसडीएम ऑफिस के सामने अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बारदाने की कमी से जहां व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है, वहीं किसानों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन देते समय राजू कानसरिया, आदराम मटोरिया, जेपी गोदारा सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।
