
हनुमानगढ़। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच गुरूनानक टैक्सी स्टेण्ड यूनियन द्वारा आमजन को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से ठंडे मीठे जल की छबील लगाई गई। छबील में राहगीरों, वाहन चालकों और बाजार में आने वाले लोगों को ठंडा मीठा जल वितरित किया गया। गर्मी से परेशान लोगों ने छबील पर पहुंचकर जल ग्रहण किया और यूनियन सदस्यों की इस सेवा भावना की सराहना की।
यूनियन के प्रधान बलदेव सिंह लीलावाली ने बताया कि भीषण गर्मी के इस दौर में जरूरतमंद लोगों को राहत पहुंचाना ही संस्था का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि मानव सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं होता और इसी भावना के साथ यूनियन द्वारा हर वर्ष गर्मी के मौसम में छबील लगाकर सेवा कार्य किया जाता है। उन्होंने कहा कि राहगीरों को ठंडा मीठा जल उपलब्ध करवाने से उन्हें गर्मी में काफी राहत मिलती है।
इस दौरान यूनियन के सदस्यों ने पूरे उत्साह के साथ सेवा कार्य में भाग लिया और लोगों को जल वितरण किया। छबील स्थल पर दिनभर लोगों की आवाजाही बनी रही। कई सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों ने भी यूनियन की इस पहल की प्रशंसा करते हुए इसे प्रेरणादायक कदम बताया।
कार्यक्रम के दौरान यूनियन पदाधिकारियों ने लोगों से गर्मी के मौसम में अधिक से अधिक पानी पीने, जरूरतमंदों की सहायता करने तथा पक्षियों के लिए भी पानी की व्यवस्था करने का संदेश दिया। सेवा कार्य में यूनियन के अनेक सदस्य उपस्थित रहे और सभी ने मिलकर व्यवस्था संभाली।
