
हनुमानगढ़। जांगिड़ सुथार समाज समिति हनुमानगढ़ जंक्शन द्वारा प्रमुख शासन सचिव डॉ जोगाराम जांगिड़ का सर्किट हाउस में गर्मजोशी के साथ स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में समाज के गणमान्य लोगों एवं सदस्यों ने बड़ी संख्या में भाग लिया और समाज के गौरव माने जाने वाले डॉ. जोगाराम जांगिड़ का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया।
जांगिड़ सुथार समाज समिति के अध्यक्ष राधे राम सुथार ने बताया कि यह पूरे समाज के लिए गर्व और सम्मान की बात है कि समाज के रत्न डॉ. जोगाराम जांगिड़ राजस्थान प्रशासन में प्रमुख शासन सचिव जैसे महत्वपूर्ण पद पर रहकर अपनी उत्कृष्ट सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि डॉ. जांगिड़ ने अपने कार्यों और प्रशासनिक दक्षता से समाज ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है।
उन्होंने कहा कि समाज के युवाओं को भी डॉ. जोगाराम जांगिड़ से प्रेरणा लेकर शिक्षा एवं प्रशासनिक सेवाओं में आगे बढ़ने का प्रयास करना चाहिए। समाज के लोगों ने कहा कि डॉ. जांगिड़ की उपलब्धियां नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं और उनके संघर्ष व सफलता की कहानी युवाओं को आगे बढ़ने का संदेश देती है।
अभिनंदन समारोह के दौरान समाज के वरिष्ठजनों ने डॉ. जोगाराम जांगिड़ के प्रशासनिक अनुभवों एवं समाज के प्रति उनके योगदान की सराहना की। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना भी की।
कार्यक्रम में अध्यक्ष राधेराम सुथार, सचिव रामनिवास मांडण, कोषाध्यक्ष बेगराज खाती, सोहनलाल लदोइयां, कृष्ण कुमार कासलीवाल,शिक्षा समिति अध्यक्ष किशन लाल बरड़वा, रामेश्वर लाल उत्तम सहित समाज के सभी सदस्यों ने आत्मीय वातावरण में उनका स्वागत किया। समारोह के अंत में डॉ. जोगाराम जांगिड़ ने सभी का आभार व्यक्त किया।
