
गेहूं खरीद अवधि बढ़ाने की मांग को लेकर माकपा का प्रदर्शन
-शेरगढ़ में धरने के बाद जिला कलेक्ट्रेट में हुई वार्ता, 30 जून तक खरीद जारी रखने की उठी मांग
हनुमानगढ़। गेहूं की सरकारी खरीद अवधि बढ़ाने की मांग को लेकर माकपा कार्यकर्ताओं ने सोमवार को शेरगढ़ में जोरदार प्रदर्शन किया। हनुमानगढ़ पहुंचे प्रभारी सचिव के पूर्व निर्धारित घेराव कार्यक्रम के तहत सुबह से ही माकपा कार्यकर्ता शेरगढ़ के मुख्य मार्ग पर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं से समझाइश की। लगातार वार्ता और समझाइश के बाद प्रशासन की ओर से प्रभारी सचिव के साथ जिला कलेक्ट्रेट में वार्ता का आश्वासन दिया गया, जिसके बाद धरना समाप्त किया गया।
इसके बाद जिला कलेक्ट्रेट में गेहूं की सरकारी खरीद को 30 जून 2026 तक जारी रखने के संबंध में विस्तृत वार्ता हुई। माकपा नेताओं ने प्रशासन के समक्ष किसानों की समस्याएं रखते हुए कहा कि हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर जिले में अभी भी करीब 50 प्रतिशत गेहूं की फसल बिक्री से वंचित है। बड़ी मात्रा में गेहूं किसानों के घरों और धान मंडियों में पड़ा हुआ है, जबकि 21 मई से पहले का पोर्टल बंद कर दिया गया है। इससे किसानों को अपनी उपज बेचने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
माकपा नेताओं ने बताया कि इस वर्ष गेहूं उत्पादन पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 10 प्रतिशत अधिक हुआ है, लेकिन सरकारी खरीद का लक्ष्य पिछले वर्ष की तुलना में 18 प्रतिशत कम निर्धारित किया गया है। नेताओं ने इसे पूरी तरह अव्यवहारिक बताते हुए कहा कि यदि खरीद की समय सीमा नहीं बढ़ाई गई तो हजारों किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा और मजबूरी में उन्हें अपना गेहूं कम दामों में बेचना पड़ेगा।
वार्ता के दौरान माकपा नेताओं ने मांग रखी कि किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए गेहूं खरीद की अवधि 30 जून 2026 तक बढ़ाई जाए, ताकि सभी किसान अपनी उपज समर्थन मूल्य पर बेच सकें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांग पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
वार्ता में प्रशासन की ओर से प्रभारी सचिव, जिला कलक्टर तथा एसपी अतिरिक्त जिला कलक्टर मौजूद रहे। वहीं माकपा की ओर से रामेश्वर वर्मा, रघुवीर वर्मा, शेर सिंह शाक्य, वारीस अली, सुल्तान खान सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक में किसानों की समस्याओं पर गंभीरता से चर्चा की गई और प्रशासन ने मांगों को उच्च स्तर तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। साथ में प्रभारी सचिव ने कहा कि आपकी मांग वाजिब है मैं खाद्य सचिव से बात करूंगा 30 तारीख से पहले पहले इस समस्या का हल कर लिया जाएगा आंदोलनकारी किसान नेता रघुवीर वर्मा ने कहा कि यदि 30 में ई से पहले गेहूं की खरीद की तारीख नहीं बढ़ाई तो 1 जून से अनिश्चितकालीन धरना जिला कलेक्टर कार्यालय पर किसान मजदूर व्यापारी शुरू करेंगे और गेहूं के ट्रैक्टर यही खाली करेंगे राज्य व केंद्र सरकार मोदी की सरकार दावा कर रहे थे कि किसानों की फसल का एक-एक दाना खरीदेंगे अब कहां है उनका वादा उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता तो पगला दीवाना गीत पर नाच रहे हैं उन्हें किसान और मजदूर की कहां फिक्र है लेकिन अखिल भारतीय किसान सभा सीटू अब आर पार की लड़ाई 1 जून को होगी अब मजदूर किसान व्यापारिक घर नहीं सीधा कलेक्ट पर कब्जा करने का काम करेंगे और सरकार के नाखून चैन चबाने पड़ेंगे
