
जनसुनवाई में ग्रामीणों ने रखी नए कक्ष निर्माण की मांग
हनुमानगढ़। ग्राम पंचायत में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों एवं विद्यालय प्रशासन ने कुलदीप इंदौरा को राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय 29 एसएसडब्ल्यू खिलेरी बास फतेहगढ़ के ग्रामीणों ने राकेश चांवरिया के नेतृत्व में नए कमरों के निर्माण की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में विद्यालय की जर्जर भवन स्थिति एवं छात्राओं को हो रही परेशानियों से अवगत करवाते हुए जल्द आवश्यक निर्माण कार्य करवाने की मांग की गई।
प्रधानाचार्य द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि विद्यालय में वर्तमान में लगभग 182 बालिकाएं अध्ययनरत हैं। विद्यालय में कुल 10 कमरे निर्मित हैं, जिनमें से 5 कमरे अत्यंत जर्जर एवं खराब स्थिति में हैं तथा उनकी बड़ी मरम्मत की आवश्यकता है। विद्यालय में कक्षा 1 से 12वीं तक की कक्षाएं संचालित हो रही हैं, लेकिन पर्याप्त कमरों के अभाव में छात्राओं की बैठक व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
ज्ञापन में बताया गया कि कई बार छात्राओं को खुले स्थान एवं बाहर बैठकर पढ़ाई करनी पड़ती है, जिससे उनकी शिक्षा बाधित हो रही है। गर्मी एवं मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण छात्राओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। विद्यालय को क्रमोन्नत हुए करीब चार वर्ष हो चुके हैं, लेकिन अभी तक अतिरिक्त कमरों का निर्माण नहीं हो पाया है।
विद्यालय प्रशासन एवं ग्रामीणों ने सांसद से मांग की कि छात्राओं के बेहतर भविष्य और सुचारू शिक्षण व्यवस्था के लिए कम से कम पांच नए कमरों का निर्माण करवाया जाए। उन्होंने कहा कि बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए विद्यालय में आधारभूत सुविधाओं का होना अत्यंत आवश्यक है।
इस अवसर पर सांसद कुलदीप इंदौरा ने ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि शिक्षा से जुड़े मामलों को प्राथमिकता दी जाएगी तथा विद्यालय में आवश्यक सुविधाओं के विकास के लिए प्रयास किए जाएंगे।
जनसुनवाई कार्यक्रम में मांगीलाल स्वामी, राकेश चांवरिया, संदीप खिलेरी, रोहित भाकर, गौतम खाती सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने विद्यालय में जल्द निर्माण कार्य शुरू करवाने की मांग उठाई।
