
नगरपरिषद हनुमानगढ़ ने पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस)। राज्य सरकार के निर्देशानुसार “वंदे गंगा” जल संरक्षण जन अभियान के तहत नगरपरिषद हनुमानगढ़ द्वारा सोमवार को पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के माध्यम से जल संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा एवं हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में नगरपरिषद अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लेकर पौधे लगाए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया। जानकारी के अनुसार स्वायत्त शासन विभाग राजस्थान जयपुर के निदेशक एवं विशिष्ट सचिव द्वारा जारी आदेशों तथा जिला कलक्टर हनुमानगढ़ के निर्देशानुसार 25 मई से 5 जून 2026 तक “वंदे गंगा” जल संरक्षण जन अभियान आयोजित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य आमजन में जल बचत, पर्यावरण संरक्षण एवं जल स्रोतों के संवर्धन को लेकर जागरूकता बढ़ाना है। अभियान के तहत नगरपरिषद हनुमानगढ़ में रामप्रसाद मीणा, अधिशाषी अभियंता को प्रभारी अधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि वेदप्रकाश सहारण एवं राकेश कुमार इन्दलिया को सह-प्रभारी अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अधिकारियों के निर्देशन में नगरपरिषद क्षेत्र में विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
पौधरोपण कार्यक्रम में कार्यवाहक आयुक्त बब्बू, सहायक अभियंता सत्यवीर कटारिया, सफाई निरीक्षक जगदीश सिराव, लेखा सहायक मुस्कान अरोड़ा, कनिष्ठ तकनीकी सहायक छिंदरपाल कौर एवं यासीन खान सहित अन्य कर्मचारियों ने भाग लिया। सभी ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने और जल संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान पौधरोपण, जल स्रोतों की सफाई, जल बचत के प्रति जागरूकता रैलियां एवं अन्य जनहित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और इसमें आमजन की भागीदारी बेहद जरूरी है। नगरपरिषद अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे जल की बर्बादी रोकें, वर्षा जल संचयन को बढ़ावा दें तथा अधिक से अधिक पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करें।

