
हनुमानगढ़। लोकतंत्र के महापर्व 19 अप्रैल को हर एक मतदाता अपने भविष्य को रोशन और लोकतंत्र को अधिक मजबूत बनाने के लिए मतदान करेगा। इस पर्व में मतदाताओं की खुशी दोगुनी होगी। जिले में मतदाताओं को अंगुली पर मतदान की स्याही का निशान दिखाने पर जिले के 40 व्यापारिक संस्थान विशेष ऑफर और डिस्काउंट देंगे। जिला निर्वाचन और स्वीप टीम के प्रोत्साहन पर एक नहीं, बल्कि 40 व्यापारिक संस्थानों ने सकारात्मक पहल की है।
उन्होंने कहा कि चुनाव का पर्व, देश का गर्व है। इसमें सभी की भागीदारी सुनिश्चित हो, इसके लिए शहर के व्यापारिक संस्थानों ने मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए यह प्रयास किया हैं। लोगों को मतदान के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से हाल ही जिला निर्वाचन कार्यालय टीम द्वारा व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा की गई। इसमें छूट को लेकर संगठनों ने आगे बढ़कर पहल की है। प्रतिनिधियों का कहना है कि मतदाताओं को प्रोत्साहित करने में प्रशासनिक प्रयासों में हरसम्भव सहयोग किया जाएगा। लोकसभा चुनाव में मताधिकार का इस्तेमाल करने पर खाने, खरीदारी, सैलून, आर्ट एंड क्रॉफ्ट, स्पोट्र्स, क्लॉथ, रेस्टोरेंट, ऑटो एसेसिरीज, कुकिंग एप्लांयस, बुक्स, स्कूल यूनिफार्म, लेबोट्री, मिठाई सहित 100 से अधिक प्रोडक्ट्स पर छूट मिलेगी। इनमें मिठाई पर सुबह 9 बजे से 5 बजे तक 10 प्रतिशत छूट, महिलाओं के लिए किचन आइटम्स, क्लॉथ, ब्यूटी पॉर्लर सहित हर वर्ग के लिए विशेष ऑफर है। इसमें सिनेमा में टिकट पर 15 प्रतिशत छूट मिलेगी।
वहीं, कोचिंग क्लासेज में माता-पिता दोनों या छात्र के मतदान पर छात्र को प्रवेश में 20 प्रतिशत छूट दी जाएगी। साथ ही, कई रेस्टोरेंट संचालकों ने भी ऑफर दिए हैं। सड़क सुरक्षा की दृष्टि से हैलमेट पर 25 प्रतिशत, कार सर्विस का वाउचर, ब्यूटी पॉलर्र में 25 प्रतिशत छूट मिलेगी।
