
हनुमानगढ़ टाउन। टाउन के राजकीय नेहरू मेमोरियल कॉलेज की चारदीवारी के पास लगे ट्रांसफॉर्मर में गुरुवार सुबह आग लग गई। ट्रांसफॉर्मर से निकल रही चिंगारी उड़कर पास ही स्थित कॉलेज परिसर में पड़ी सूखी झाड़ियों में गिर गई। इससे उनमें आग लग गई। सूचना पर मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ी की मदद से आग पर काबू पाया गया।
कॉलेज के कर्मचारी पंकज मिश्रा ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे एफसीआई रोड स्थित ट्रांसफॉर्मर में आंधी के चलते अचानक आग लग गई। इससे कॉलेज परिसर में सूखी झाड़ियों में करीब सौ मीटर तक आग फैल गई। कॉलेज कर्मचारियों की सूचना पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची। समय रहते आग पर काबू पाए जाने से बड़ा हादसा टल गया। सूखी झाड़ियों के कारण आग के कॉलेज परिसर में फैलने का खतरा था। मिश्रा ने बताया कि इस तरह की घटना की आशंका के चलते कॉलेज प्रशासन की ओर से समय-समय पर प्रशासन को पत्र लिखकर मांग की गई कि परिसर की दीवार के पास लगे ट्रांसफॉर्मर को दूसरी जगह शिफ्ट किया जाए, लेकिन विभाग गंभीर नहीं हुआ। कॉलेज के दूसरी ओर भी एक ट्रांसफॉर्मर जमीन पर पड़ा हुआ है। खराब मौसम में कॉलेज के छात्र-छात्राओं और कर्मचारियों को करंट लगने का खतरा है। विद्युत विभाग को समय रहते गंभीर होकर समस्या का समाधान करना चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो। इस मौके पर पार्षद पति ओम प्रकाश सोनी, लीलाधर सोनी सहित कई लोग मौजूद रहे।
