
हनुमानगढ़ । रमजान का माह पूरा होने के बाद गुरुवार को क्षेत्र में ईद-उल-फितर का पर्व हर्षाेल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह ईदगाह-मस्जिद में सामूहिक नमाज अदा कर अमन चैन की दुआ मांगी गई। ईदगाह-मस्जिद में सुबह से ही नमाजियों का तांता लगा रहा। बच्चे-बड़े नए कपड़े पहनकर ईदगाह-मस्जिद पहुंचे। नमाज के बाद एक-दूसरे से गले मिलकर मुबारकबाद दी गई।
जंक्शन में पुरानी खुंजा स्थित ईदगाह में ईद की नमाज अदा कराई गई। नमाज के बाद नमाजियों ने खैरात बांटकर दुआ ली और अमन चैन की अल्लाह से दुआ मांगी। ईदगाह के आजम अली अशरफी ने ईद की मुबारकबाद देते हुए कहा कि ईद मोहब्बत का त्योहार है। इसे सभी धर्मों के लोगों को मिलकर जुलकर मनाना चाहिए।
ईदगाह पर बड़ी संख्या में नमाजियों के अलावा दूसरे धर्म के लोग भी मौजूद थे। जिन्होंने नमाजियों को गले लगाकर मुबारकबाद देते हुए सांप्रदायिक सद्भाव की मिसाल पेश की। वहीं छोटे बच्चे भी नमाज अदा करने के लिए ईदगाह पहुंचे। इस दौरान छोटे बच्चों को ईदी के रूप में विशेष उपहार दिए गए। दुकानों से बच्चों ने खरीदारी की। वहीं, ईद की नमाज के बाद घरों में मीठी सेवइयां बनाई गईं। मुस्लिम समाज के लोगों ने अपने दोस्तों और रिश्तेदारों के पास पहुंचकर ईद की मुबारकबाद दी।
ईद के मुबारक मौके पर मस्जिदों की विशेष सजावट की गई। रंग-बिरंगी रोशनी से मस्जिद रोशन रही। मस्जिदों के आसपास विशेष सफाई व्यवस्था की गई। ईदगाह-मस्जिद के बाहर मेले का माहौल रहा। सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत ईदगाह-मस्जिद के बाहर पुलिस जवान तैनात रहे।
खीर, सेवइंयों की दावत रमजान माह में 30 दिन तक रोजा रखने के बाद ईद की खुशी में इस्लाम धर्म के लोगों ने गुरुवार को दावत दी। इस दौरान साथी मित्रों-रिश्तेदारों को दावत दी गई। दावत में खीर, सेवइंया सहित तरह-तरह के व्यंजन परोसे गए।
