
श्री गंगानगर। पुरानी आबादी के उदाराम चौक में परसों मंगलवार रात को मोटर साइकिलों पर सवार 10-12 युवकों ने गंडासी और डंडों से एक युवक को बुरी तरह से घायल कर दिया।पुलिस के अनुसार जिला अस्पताल में भर्ती घायल युवक चंपालाल सांसी (21) निवासी फलांवाली थाना पूगल, जिला बीकानेर द्वारा दिए गए बयान के आधार पर लवी, नवी और मोदी आदि 10 12 युवकों पर मारपीट करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। चंपालाल ने बताया कि वह पुरानी आबादी में झांकी वाले मंदिर के पास एक किराए के मकान में रहकर कोचिंग कर रहा है। परसों मंगलवार रात्रि 10:30 बजे वह बस अड्डा से अपने कमरे की तरफ जा रहा था। उदाराम चौक में एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक आए। उनके मोटरसाइकिल का हैंडल उसके शरीर पर लगा। जब उसने पूछा तो युवक मारपीट करने लगे। उन्होंने फोन करके अपने दोस्तों को बुला लिया। चार मोटरसाइकिलों पर 10-12 लडक़े आ गए।उनके पास गंडासी और डंडे थे। उसे बुरी तरह से घायल कर दिया और सभी आरोपी फरार हो गए। उसे मोहल्ले के लोगों ने आपातकाल सेवा 108 की एंबुलेंस बुलाकर अस्पताल में भर्ती करवाया। पुलिस ने बताया कि मारपीट करने वाले बदमाशों का पता लगाने के प्रयास किया जा रहे हैं। चौक में लगे सीसीटीवी कैमरों की स्टेज भी पुलिस देख रही है। घटना की जांच हवलदार धर्मपाल द्वारा की जा रही है।
