
-हजारों वाहनों और समाजबंधुओं के जयघोष से गूंजा हनुमानगढ़, जगह-जगह हुआ स्वागत
हनुमानगढ़। श्री अरूट जी महाराज की जयंती पर शुक्रवार को हनुमानगढ़ में भव्य शोभायात्रा एवं रैली का आयोजन श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक एकजुटता के साथ किया गया। क्शन स्थित श्री अरोड़वंश सभा हनुमानगढ़ जंक्शन के तत्वावधान में आयोजित इस विशाल रैली में समाज के हजारों लोगों ने भाग लिया। पूरे शहर में दिनभर धार्मिक और उत्सवी माहौल बना रहा तथा “श्री अरूट जी महाराज की जय” के जयघोष से वातावरण गुंजायमान होता रहा। रैली का शुभारंभ श्री अरोड़वंश धर्मशाला जंक्शन से हुआ। इससे पूर्व सभा प्रधान खैरातीलाल मदान, टाउन प्रधान रामलुभाया तिन्ना तथा समाजसेवी डॉ. निशांत बत्तरा ने श्री अरूट जी महाराज की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर विधिवत पूजा-अर्चना की और रैली को रवाना किया। इस दौरान बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे। रैली में युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। सबसे आगे आकर्षक ढंग से सुसज्जित भव्य रथ चल रहा था, जिसमें श्री अरूट जी महाराज की झांकी सजाई गई थी। इसके पीछे डीजे की गाड़ियों पर बज रहे धार्मिक एवं सामाजिक गीतों पर युवा और समाजबंधु नाचते-गाते चल रहे थे। रैली में शामिल लोगों ने पूरे मार्ग में अनुशासन और सामाजिक एकता का परिचय दिया। शोभायात्रा में ट्रैक्टर-ट्रॉलियां, सैकड़ों चारपहिया वाहन तथा हजारों दुपहिया वाहन शामिल रहे। वाहनों का लंबा काफिला कई किलोमीटर तक फैला नजर आया। रैली जहां-जहां से होकर गुजरी, वहां लोगों ने गर्मी को देखते हुए ठंडे मीठे जल, लस्सी और छाछ की सेवा कर स्वागत किया। कई स्थानों पर समाजसेवियों एवं व्यापारिक संगठनों की ओर से पुष्प वर्षा कर रैली का अभिनंदन किया गया। रैली श्री अरोड़वंश धर्मशाला जंक्शन से रवाना होकर गंगानगर अंडरपास, हाउसिंग बोर्ड, श्रीराम चौक, सूरतगढ़ अंडरपास, बस डिपो, नारंग होटल, बस स्टैंड, भगत सिंह चौक और रेलवे स्टेशन होते हुए टाउन पहुंची। इसके बाद रैली टाउन नगरपरिषद, फूडग्रेन धर्मशाला और मुख्य बाजार से गुजरती हुई पुनः श्री अरोड़वंश धर्मशाला पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में लोगों की भारी भीड़ रैली के स्वागत और दर्शन के लिए उमड़ी रही। रैली के दौरान समाज के वरिष्ठजन, महिलाएं, युवा और बच्चे बड़ी संख्या में शामिल हुए। युवाओं ने हाथों में समाज के ध्वज लेकर जयघोष किए और समाज की एकता का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन और स्वयंसेवकों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सभा पदाधिकारियों ने बताया कि श्री अरूट जी महाराज की जयंती समाज के लिए प्रेरणा और एकता का पर्व है। ऐसे आयोजन समाज को संगठित करने और युवा पीढ़ी को अपनी परंपराओं एवं संस्कृति से जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने रैली को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी समाजबंधुओं, सेवादारों और स्वागतकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
