
विशेषज्ञ चिकित्सक देंगे स्वास्थ्य परामर्श, किडनी, मधुमेह, हृदय व जोड़ों के रोगों की होगी जांच
हनुमानगढ़। वाग्भट वैलनेस एवं आयुष रिसर्च सेंटर के तत्वावधान में आमजन को आयुर्वेद एवं प्राकृतिक चिकित्सा के माध्यम से बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 3 जून को जाट भवन, हनुमानगढ़ जंक्शन में नि:शुल्क आयुर्वेद-नेचुरोपैथी चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर सुबह 9 बजे से अपराह्न 3 बजे तक आयोजित होगा, जिसमें अनुभवी आयुर्वेदाचार्य एवं प्राकृतिक चिकित्सक विभिन्न रोगों से पीडि़त मरीजों का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श प्रदान करेंगे। शिविर में आमजन के लिए नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच, विशेषज्ञ आयुर्वेद चिकित्सकों से परामर्श तथा आहार एवं जीवनशैली संबंधी मार्गदर्शन की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इस दौरान किडनी, लीवर, हृदय रोग, उच्च रक्तचाप, मधुमेह, थायराइड, मोटापा, जोड़ों एवं घुटनों का दर्द, रीढ़ संबंधी समस्याएं, स्लिप डिस्क (एल-4 एवं एल-5), नसों के रोग, अस्थमा, अनिद्रा, मिर्गी सहित अन्य दीर्घकालिक बीमारियों के लिए आयुर्वेद एवं नेचुरोपैथी पद्धति से उपचार संबंधी परामर्श दिया जाएगा। रोगियों को उनकी स्वास्थ्य स्थिति के अनुरूप उचित आहार-विहार, दैनिक दिनचर्या एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए जाएंगे, ताकि वे लंबे समय तक स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जी सकें। वाग्भट वैलनेस एवं आयुष रिसर्च सेंटर के संस्थापक बाबूलाल जुनेजा ने कहा कि वर्तमान समय में बदलती जीवनशैली और व्यस्त दिनचर्या के कारण लोग अनेक बीमारियों से प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे में यह शिविर आमजन के लिए एक सुनहरा अवसर है, जहां बिना किसी शुल्क के अनुभवी आयुर्वेद चिकित्सकों से जांच, परामर्श एवं उपचार प्राप्त किया जा सकता है। केन्द्र के प्रशासक जयवीर सिंह ने बताया कि इस प्रकार के शिविरों का मुख्य उद्देश्य लोगों को प्राकृतिक एवं आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। समन्वयक अनिल जांदू ने कहा कि यह शिविर क्षेत्रवासियों के लिए स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक सराहनीय और महत्वपूर्ण पहल साबित होगा
