
श्रीगंगानगर।(भटनेर एक्सप्रेस )महेश्वरी महिला संगठन और अन्य खेल प्रेमियों ने हाल ही में वियतनाम के दा नांग में आयोजित आयरनमैन 70.3 प्रतियोगिताओं में श्रेया की उपलब्धियों की सराहना की है।दा नांग को लगातार एशिया के सर्वोत्तम भ्रमण स्थलों में स्थान दिया जाता है-जहां संस्कृति, समुद्र तट और आकर्षण का मिलन होता है। समुद्र तट के दिनों से लेकर सांस्कृतिक रोमांच तक दा नांग एथलीटों और उनके सहायक दल दोनों के लिए कुछ न कुछ प्रदान करता है।प्रतिभागी को पहले खुले पानी में 1.9 किमी तैरना, फिर 90 किमी साइकिल चलाना और उसके बाद 21.1 कि.मी. मैराथन दौड़ना होता है। यह सब बिना ब्रेक के एक ही बार में करना होता है। पंजाब के निकटवर्ती शहर अबोहर के तरुण राठी की पत्नी श्रेया सोनी राठी ने इस प्रतियोगिता में भाग लिया और 25-28 वर्ष महिला आयु वर्ग में विश्व में 8वें स्थान पर रहीं। यद्यपि श्रेया भारतीय प्रतिभागियों में प्रथम स्थान पर थी, लेकिन इस प्रतियोगिता में देश विशेष का परिणाम घोषित नहीं किया गया। श्रेया ने यह प्रतियोगिता 6.42 घंटे में पूरी की जो अपने आप में उनके लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है। राठी परिवार के एक पुराने पारिवारिक मित्र मनमोहन गोयल ने बताया कि श्रेया ने हरियाणा के गुड़गांव में प्रशिक्षण प्राप्त किया । श्रेया ने सिर्फ आयरनमैन 70.3 पूरा ही नहीं किया,उसने प्रतियोगिता पर विजय भी प्राप्त की है। अबोहर में महेश्वरी महिला संगठन की अध्यक्ष पुष्पा शारदा और सचिव सीमा राठी ने कहा कि श्रेया की उपलब्धि सिर्फ उसकी नहीं है, यह हर उस दिल की है जो उनका उत्साहवर्धन करता है, उस पर विश्वास करता है और उस के साथ खड़ा है।
