
श्रीगंगानगर।(भटनेर एक्सप्रेस) सादुलशहर में आज कांग्रेस कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महंगाई, बेरोजगारी, नीट पेपर लीक, किसानों की समस्याओं तथा बिगड़ती कानून व्यवस्था सहित विभिन्न जनहित मुद्दों को लेकर प्रदर्शन किया और राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सादुलशहर अध्यक्ष अनंतराम कारगवाल, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मिर्जेवाला अध्यक्ष लालचंद मिर्जेवाला तथा नगर कांग्रेस कमेटी सादुलशहर अध्यक्ष भवानीशंकर सोनी के नेतृत्व में कांग्रेसजन पूर्व विधायक निवास से रैली के रूप में मुख्य बाजार मार्ग से होते हुए उपखंड कार्यालय पहुंचे। पूर्व विधायक जगदीशचंद्र जांगिड़ के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। इसके बाद उपखंड अधिकारी संजय कुमार को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया।ज्ञापन में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के बढ़ते दामों पर चिंता व्यक्त करते हुए आमजन को राहत देने की मांग की गई। साथ ही बेरोजगार युवाओं के हित में पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई तथा भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई।पूर्व विधायक श्री जांगिड़ ने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी से आमजन परेशान है तथा किसानों और युवाओं की समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है। इन मुद्दों को लेकर आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान कांग्रेस के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।
