
पदमश्री स्वामी ब्रह्मदेव को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड प्रदान
श्रीगंगानगर।(भटनेर एक्सप्रेस) अरोड़ा समाज के आराध्य महाराज अरूट की जयंती के अवसर पर श्री अरोडवंश सनातन धर्म मंदिर ट्रस्ट द्वारा शनिवार रात जवाहरनगर स्थित अरोडवंश पब्लिक स्कूल के प्रांगण में विराट भजन संध्या का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में हाल ही में पद्मश्री सम्मान से सम्मानित जगदंबा मूक बधिर एवं अंधविद्यालय के संस्थापक स्वामी ब्रह्मदेव को अरोडवंश ट्रस्ट की ओर से विशेष सम्मानित किया गया। स्वामी ब्रह्मदेव ने महाराज अरूट के पराक्रम को रेखांकित करते हुए कहा कि अरोड़ा समाज एक मार्शल कौम के रूप में विश्वभर में प्रसिद्ध है जो जीवन की हर चुनौती को साहसपूर्वक पार करने के लिए जानी जाती है। उन्होंने बताया कि अंध विद्यालय की स्थापना में अरोडवंश समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है और सम्मान मिलने पर ट्रस्ट का आभार व्यक्त किया। ट्रस्ट के अध्यक्ष अंकुर मगलानी ने पिछले चार वर्षों में ट्रस्ट द्वारा प्राप्त उल्लेखनीय प्रगति के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अब ट्रस्ट पर किसी भी प्रकार की कोई बकाया देनदारी नहीं बची है और ट्रस्ट की देनदारी पूरी तरह शून्य हो चुकी है। उन्होंने बताया कि ट्रस्ट द्वारा संचालित शिक्षण संस्थाएं अरोडवंश पब्लिक स्कूल और मीनाक्षी सेतिया गर्ल्स पीजी कॉलेज में विद्यार्थियों की संख्या में उत्तरोत्तर वृद्धि हो रही है। उन्होंने यह भी बताया कि पूर्व में कई वर्षों से चले आ रहे शिक्षण संस्थान स्टाफ कर्मचारियों के 21 केसों का अदालतों में निस्तारण कर कुल 92 लाख की राशि अदा की गई है। उन्होंने बताया कि संस्था की निर्माणाधीन धर्मशाला के लिए लोगों द्वारा आर्थिक सहयोग प्रदान दिया जा रहा है। इस उपलब्धि के लिए उन्होंने सभी सदस्यों और समाजजनों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में प्रसिद्ध भजन गायक अनिल हंसलस ने अपनी मधुर आवाज में भक्ति रस की वर्षा की।उनकी सरल, हृदयस्पर्शी और मधुर गायकी ने श्रोताओं को पूरी तरह मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी भजन शैली में भक्ति, समर्पण और शांति का सुंदर मेल देखने को मिला। मंच संचालन विजय अरोड़ा सीए, संदीप अनेजा और ललित डोडा ने कुशलतापूर्वक किया। भजन संध्या के बाद सभी उपस्थितजनों को भोजन प्रसादी वितरित की गई।

