
हनुमानगढ़ । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा देर शाम हनुमानगढ़ पहुंचे। उन्होंने टाउन स्थित वाल्मीकि चौक से धान मंडी तक रोड शो किया। खुले वाहन में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी प्रियंका बेलान व विधायक गणेशराज बंसल अग्रिम पंक्ति में लोगों का अभिवादन करते नजर आए। वाल्मीकि चौक पहुंचने परमुख्यमंत्री ने महर्षि वाल्मीकि की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद वे रोड शो में शामिल हुए। इससे पहले हनुमानगढ़ पहुंचने पर जिलाध्यक्ष देवेंद्र पारीक, विधायक गणेशराज बंसल व सभापति सुमित रणवां के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। विधायक गणेशराज बंसल के आग्रह का परिणाम था कि टाउन के दुकानदारों ने मुख्यमंत्री का बेसब्री से इंतजार किया और दुकानें खुली रखीं। गौरतलब है कि विधायक ने दुकानदारों से इस संबंध में खास आग्रह किया था। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के लघु उद्योगों को बढ़ाने का काम किया है। हमारी सरकार को आए हुए अभी चार महीने हुए हैं, हमें 90 दिन काम करने का मौका मिला था, क्योंकि आचार संहिता लग गई थी। हमने इन 90 दिनों में अपने 40 प्रतिशत वादों को पूरा कर दिया है। उन्होंने कहा कि सपने नहीं, हकीकत बुनते हैं, तभी तो लोग मोदी को चुनते हैं। रोड शो में कार्यकर्ताओं की भीड़ उमड़ पड़ी। विधायक गणेशराज बंसल, जिलाध्यक्ष देवेंद्र पारीक और नगरपरिषद सभापति सुमित रणवां की मेहतन रंग लाई। वे इस संबंध में लगातार प्रयास कर रहे थे।
