
– डेढ़ माह पहले दर्ज हुए मामले को लेकर एसपी से मिला परिवादी पक्ष
हनुमानगढ़। जंक्शन थाने में दर्ज एक प्रकरण में आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर भाजपा नगर मंडल मंत्री अर्जुन विमल के नेतृत्व में परिवादी पक्ष सोमवार को पुलिस अधीक्षक से मिला। प्रतिनिधिमंडल ने मामले में शीघ्र कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग उठाई। यह मामला 22 अप्रैल को न्यायालय के आदेश पर जंक्शन थाना में दर्ज किया गया था। परिवादी जरनैल सिंह पुत्र डोगर सिंह निवासी गांव लीलांवाली पीएस संगरिया ने न्यायालय में प्रस्तुत इस्तगासे के माध्यम से आरोप लगाया था कि लीलांवाली निवासी प्रकाश जैन पुत्र लाधूराम जैन ने उसके पिता को कथित रूप से बहला-फुसलाकर ईसाई धर्म स्वीकार करने का झूठा प्रमाण पत्र बनवाया और बाद में उनकी कृषि भूमि का मुख्त्यारनामा तैयार करवाकर विक्रय कर दिया। इस्तगासे के अनुसार परिवादी के पिता डोगर सिंह की विभिन्न चकों में कृषि भूमि दर्ज थी। आरोप है कि आरोपी ने भूमि हड़पने की नीयत से षड्यंत्रपूर्वक धर्म परिवर्तन संबंधी स्तावेज तैयार करवाए। परिवादी ने यह भी दावा किया कि सिविल न्यायालय संगरिया ने 30 जून 2025 को जारी निर्णय में कथित धर्म परिवर्तन प्रमाण पत्र को अवैध और शून्य घोषित कर दिया था। परिवादी ने आरोप लगाया कि न्यायालय के निर्णय के बाद जब उसने अपनी पैतृक भूमि वापस दिलाने की मांग की तो आरोपी ने समय मांगते हुए बाद में कथित रूप से उसे भी धर्म परिवर्तन के लिए दबाव में लेने का प्रयास किया। आरोप है कि मना करने पर उसके साथ जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया गया और अपमानित किया गया। मामले में न्यायालय के निर्देश पर जंक्शन थाना पुलिस ने बीएनएस तथा एससीएसटी एक्ट की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया। परिवादी पक्ष ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर कहा कि मामला गंभीर पकृति का है और आरोपी के खिलाफ दर्ज प्रकरण में अब तक गिरफ्तारी नहीं होने से परिवादी पक्ष में असंतोष है। उन्होंने निष्पक्ष एवं शीघ्र जांच के साथ आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की। पुलिस अधीक्षक ने मामले में नियमानुसार जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया।
