
– दबाव बनाने के लिए झूठा मुकदमा दर्ज कराने की शिकायत
हनुमानगढ़। टिब्बी थाना क्षेत्र के गांव शेरेकां निवासी एक युवक ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र सौंपकर अपनी ओर से दर्ज कराए गए मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी तथा निष्पक्ष जांच की मांग की। भवन एवं सनिर्माण मजदूर संघ के बैनर तले एसपी से मिले युवक ने आरोप लगाया कि मामला दर्ज होने के दस दिन बाद भी पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की है। साहिल पुत्र मिट्ठूराम निवासी वार्ड नम्बर 9, शेरेकां तहसील टिब्बी ने बताया कि उसने 20 मई को टिब्बी थाने में एफआईआर दर्ज करवाई थी। यह मामला भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तथा एससीएसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत अनमोल, दीपू और 3-4 अन्य व्यक्तियों के खिलाफ दर्ज किया गया था। साहिल का आरोप है कि एफआईआर में दो आरोपी नामजद होने के बावजूद पुलिस ने अब तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया है। उसने कहा कि उसके कार्य में प्रयुक्त औजार, मशीनें और अन्य सामान अभी भी आरोपियों के कब्जे में हैं, जिन्हें बरामद नहीं किया जा रहा। इससे वह अपना रोजगार जारी रखने में असमर्थ है और उसे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। प्रार्थना पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी पक्ष खुलेआम घूम रहा है तथा समझौता करने का दबाव बना रहा है। साहिल ने कहा कि उसे धमकी दी जा रही है कि यदि उसने कार्रवाई वापस नहीं ली तो उसके लिए गंभीर परिणाम होंगे। साहिल ने आरोप लगाया कि उसकी ओर से दर्ज कराए गए मुकदमे में कार्रवाई से बचने और दबाव बनाने के उद्देश्य से आरोपी पक्ष के अनमोल गर्ग ने उसके खिलाफ एक अन्य मामला दर्ज करवाया है। साहिल का कहना है कि यह मुकदमा झूठे तथ्यों पर आधारित है और उसे फंसाने के उद्देश्य से दर्ज कराया गया है। साहिल ने पुलिस अधीक्षक से उसकी ओर से दर्ज कराई गई एफआईआर में नामजद व अन्य आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, उसके सामान की बरामदगी तथा उसके विरुद्ध दर्ज कराए गए कथित झूठे मुकदमे की निष्पक्ष जांच करवाने की मांग की। साथ ही उसने मामले में न्याय दिलाने के लिए उचित कार्रवाई की मांग की। मजदूर संघ जिलाध्यक्ष अनिल यादव ने कार्रवाई नहीं होने पर टिब्बी थाना का घेराव करने की चेतावनी दी।
