
जिले के 12 परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित हुई परीक्षा, 3345 में से 1474 अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) की ओर से आयोजित व्याख्याता भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन सोमवार को इतिहास विषय की परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुई। जिले के 12 परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित इस परीक्षा में 3345 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 1871 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 1474 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा में उपस्थिति प्रतिशत 55.93 दर्ज किया गया। सोमवार को आयोजित इतिहास विषय की परीक्षा सुबह 10 बजे से 11.30 बजे तक हुई। परीक्षा शुरू होने से पहले सभी केन्द्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र, पहचान पत्र तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों की गहन जांच की गई। सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करते हुए परीक्षा केन्द्रों में प्रवेश दिया गया। परीक्षा के दौरान कई केन्द्रों पर निर्धारित समय के बाद पहुंचे अभ्यर्थियों को प्रवेश नहीं मिल सका। सोमवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और सख्त नियमों के बीच परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई तथा कहीं से भी किसी प्रकार की अव्यवस्था की सूचना नहीं मिली। आयोग के निर्देशानुसार समय सीमा के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केन्द्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई। गौरतलब है कि व्याख्याता भर्ती परीक्षा 31 मई से शुरू होकर 5 जून तक चलेगी। जिले में परीक्षा के लिए कुल 42 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। परीक्षा को निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन, शिक्षा विभाग और पुलिस विभाग के अधिकारी लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।

