
मदन लाल मेघवाल प्रदेश अध्यक्ष व संतोष पूनिया जिलाध्यक्ष नियुक्त
हनुमानगढ़।(भटनेर एक्सप्रेस) भीम आर्मी भारत एकता मिशन की प्रदेश स्तरीय समीक्षा बैठक जंक्शन स्थित डॉ. अंबेडकर भवन में आयोजित की गई। संगठन के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट विजय कुमार आजाद की मौजूदगी में सम्पन्न हुई बैठक में प्रदेश भर से आए पदाधिकारियों के कार्यांे की समीक्षा की गई। इस दौरान संगठन को अधिक मजबूत और सक्रिय बनाने के उद्देश्य से प्रदेश कमेटी में महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए मदन लाल मेघवाल को राजस्थान प्रदेशाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं हनुमानगढ़ जिले में एडवोकेट संतोष पूनिया को अध्यक्ष नियुक्त किया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट विजय कुमार आजाद ने कहा कि संगठन का किसी भी राजनीतिक दल से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने बताया कि संगठन सामाजिक, आर्थिक और सत्ता परिवर्तन से जुड़े मुद्दों पर समाज के कमजोर, शोषित और वंचित वर्गांे के अधिकारों की लड़ाई लड़ रहा है और भविष्य में भी इसी दिशा में कार्य करता रहेगा। उन्होंने कहा कि 7 जून 2019 को सहारनपुर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान चंद्रशेखर आजाद, विनय रतन, कमल वालिया और मनजीत नौटियाल को संगठन से निष्कासित किया जा चुका है, इसलिए उनका संगठन से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग संगठन के नाम और पहचान का दुरुपयोग कर समाज को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। बैठक में निर्णय लिया गया कि संगठन के नाम और लोगो का फर्जी तरीके से उपयोग करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करवाई जाएगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने नवनियुक्त जिलाध्यक्ष एडवोकेट संतोष पूनिया को ऐसे मामलों में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए। कार्यक्रम के दौरान कई लोगों ने संगठन की सदस्यता ग्रहण की और महापुरुषों के विचारों एवं मिशन को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। बैठक में राजस्थान में सामाजिक अन्याय और अत्याचार के विरुद्ध संघर्ष को और तेज करने तथा संगठन को गांव-गांव तक मजबूत बनाने का भी संकल्प लिया गया। बैठक में मौजूद पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सामाजिक न्याय, समानता और संगठनात्मक मजबूती के लिए मिलकर कार्य करने का भरोसा जताया। बैठक में सुमेर सिंह, रामप्रताप भरनावा, दलीप मेघवाल, रांझासिंह, सुनील मेघवाल, कलावती देवी, सुखपाल कौर, वीरपाल कौर, जसवीर, कोमल शर्मा, शिवा मेहरड़ा मौजूद रहे।
