
– सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों के साथ एसपी ने की बैठक
हनुमानगढ़। (भटनेर एक्सप्रेस )पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना ने सोमवार को राजस्थान सेवानिवृत्त पुलिस कल्याण संस्थान के सदस्य सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक की। पुलिस अधीक्षक कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में विभिन्न समस्याओं और सुझावों पर चर्चा की गई। बैठक के दौरान सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों ने रिटायर्ड पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए अलग कार्यालय भवन की आवश्यकता बताते हुए अपनी मांग रखी। इस संबंध में उन्होंने प्रस्तावित कार्यालय का नक्शा भी पुलिस अधीक्षक को प्रस्तुत किया। पुलिस अधीक्षक ने प्रस्ताव पर सकारात्मक विचार करने तथा इसे स्वीकार कराने के प्रयास का आश्वासन दिया। सेवानिवृत्त अधिकारियों ने बताया कि सेवानिवृत्ति के बाद विभिन्न स्थानों पर उन्हें अपनी पहचान साबित करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इस समस्या के समाधान के लिए उन्होंने सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को पहचान पत्र जारी करने की मांग की। इस पर पुलिस अधीक्षक ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर पहचान पत्र जारी कराने का भरोसा दिलाया। बैठक में यह सुझाव भी रखा गया कि सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सामुदायिक संपर्क समूह (सीएलजी) से जोड़ा जाए, ताकि उनके अनुभवों का उपयोग समाज और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में किया जा सके। इस मांग पर भी पुलिस अधीक्षक ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। बैठक में एएसपी अरविन्द बिश्नोई, सीओ मीनाक्षी व करण सिंह मौजूद रहे।
