
परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
हनुमानगढ़। (भटनेर एक्सप्रेस) श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2025-26 की वार्षिक एवं सेमेस्टर परीक्षाएं 2 जून से प्रारंभ होंगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षाओं के सफल एवं सुचारू संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। सोमवार को विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक ने परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि परीक्षाएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दो पारियों में आयोजित की जाएंगी। प्रथम पारी सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक तथा द्वितीय पारी दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित होगी। परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि सभी संकायों एवं पाठ्यक्रमों का परीक्षा कार्यक्रम विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिया गया है। छात्र-छात्राओं को परीक्षा तिथि, समय और परीक्षा केन्द्र संबंधी जानकारी पहले से सुनिश्चित करने की हिदायत दी गई है। उन्होंने परीक्षार्थियों को निर्देश दिए कि वे परीक्षा शुरू होने से कम से कम 30 मिनट पहले परीक्षा केन्द्र पर पहुंचें, ताकि प्रवेश एवं सत्यापन प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके। प्रत्येक परीक्षार्थी के लिए प्रवेश-पत्र, वैध पहचान-पत्र और नीले रंग का बॉल पेन साथ लाना अनिवार्य होगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया कि परीक्षा केन्द्रों और परिसर में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर (जहां अनुमति नहीं है) तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का उपयोग और प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा। प्रशासन के अनुसार परीक्षाओं के सुचारू संचालन के लिए पर्याप्त संख्या में पर्यवेक्षकों की नियुक्ति, बैठने की समुचित व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं।
