
हनुमानगढ़। टाउन शहर से सात किलोमीटर दूर गांव अमरपुरा थेड़ी के नजदीक स्थित मां भद्रकाली मंदिर में चैत्र नवरात्र के उपलक्ष्य में चल रहे नौ दिवसीय मेले में शुक्रवार को भी राजस्थान सहित दूर-दराज के क्षेत्र से पहुंचे श्रद्धालुओं ने माथा टेका और मन्नत मांगी। मेला स्थल पर लगी अस्थाई दुकानों पर बच्चों-महिलाओं ने खरीदारी की। मेले का समापन 17 अप्रेल को रामनवमी के दिन होगा। हर साल अष्टमी व नवमी को मेले में भारी भीड़ उमड़ती है। मेला स्थल पर हनुमानगढ़ सेवा समिति (भारत क्लब) का भण्डारा चल रहा है। शुक्रवार को चौथे दिन व्यापारी नेता सुभाष सिंगला, प्रेम कंदोई, रमन, अजय सिंगला, पवन बिहानी, समीर कंदोई ने सपरिवार 31 कन्याओं का पूजन कर भण्डारे का शुभारंभ किया। डिस्ट्रिक्ट प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष बालकृष्ण थरेजा व पृथ्वीराज शूरवीर ने शुक्रवार को सपरिवार भद्रकाली मंदिर में माथा टेक कर इलाके की सुख-समृद्धि की कामना की। समिति की ओर से अतिथियों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मान किया गया। समिति अध्यक्ष रामकुमार मंगवाना ने बताया कि नौ दिवसीय भद्रकाली मेले में हनुमानगढ़ सेवा समिति के सदस्यों की ओर से श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं का संचालन किया जा रहा है। समिति की ओर से मेला स्थल पर खोया-पाया केंद्र, नियंत्रण कक्ष, पेयजल व्यवस्था, नि:शुल्क चिकित्सा सेवा, जूता घर सहित अन्य व्यवस्थाएं संभाली जा रही हैं। समिति की ओर से मेले में अपने परिवार से बिछड़े कई छोटे बच्चों को उनके परिवार से मिलवाया गया है। इन व्यवस्थाओं के संचालन में समिति के सुनील धूडिय़ा, अनिल जिन्दल, मोहित जिन्दल, योगेश कुमार, जय किशन सोनी, अजय शर्मा, डॉ. संतोख सिंह, कृष्णावतार शर्मा, रामस्वरूप सोनी, विनोद गर्ग, नवीन मिड्ढा, रमेश काठपाल, नितिन बंसल, रूबी पाहवा आदि सहयोग कर रहे हैं।
