
रिडमलसर उप तहसील ऑफिस में हुई कार्रवाई
श्रीगंगानगर, (भटनेर एक्सप्रेस)। पदमपुर तहसील क्षेत्र के रिडमलसर उप-तहसील कार्यालय में बुधवार दोपहर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसबी) की टीम ने एक राजस्व पटवारी को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्यवाही बीकानेर स्थित एसबी की स्पेशल यूनिट के पुलिस इंस्पेक्टर इंद्रकुमार के नेतृत्व में की गई।गिरफ्तार पटवारी की पहचान अंकुशकुमार मेघवाल (31) के रूप में हुई है। वह रिडमलसर उप-तहसील अंतर्गत चक 68 एलएनपी हल्के का राजस्व पटवारी है। एसीबी सूत्रों के अनुसार इसी क्षेत्र के एक किसान ने अपनी संयुक्त खाता वाली कृषि भूमि का विभाजन (म्यूटेशन/डिवीजन) कराने के लिए पटवारी से संपर्क किया था। पटवारी ने इस काम के एवज में 1 लाख रुपये रिश्वत की मांग की।परिवादी किसान ने लगभग एक महीने पहले इस भ्रष्टाचार की शिकायत बीकानेर में एसीबी अधिकारियों को दी थी। ब्यूरो के उच्च अधिकारियों ने मामले को बीकानेर स्पेशल यूनिट को सौंपा। शिकायत दर्ज होने के 1-2 दिन के अंदर ही एसीबी टीम ने गोपनीय रूप से रिश्वत मांग की पुष्टि भी कर ली थी। इसके बाद पटवारी को रिश्वत लेते पकड़ने के लिए 2-3 बार जाल बिछाया गया, लेकिन हर बार किसी न किसी कारणवश ट्रैप सफल नहीं हो सका।आज दोपहर पटवारी अंकुशकुमार मेघवाल ब्यूरो के शिकंजे में फंस गया। परिवादी किसान से ली गई 50 हजार रुपये की रिश्वत राशि उसे बरामद हो गई। इस घटना से रिडमलसर उप-तहसील कार्यालय में हड़कंप मच गया।पटवारी अंकुशकुमार मेघवाल पदमपुर तहसील क्षेत्र के चक 8-ईईए का मूल निवासी है। वह परिवादी किसान को लंबे समय से भूमि विभाजन के दस्तावेज तैयार करने के नाम पर चक्कर कटवा रहा था। एसीबी सूत्रों ने बताया कि पटवारी के गिरफ्तार होने के बाद एक टीम उसके गांव में पैतृक घर की तलाशी लेने पहुंची, लेकिन वहां कोई विशेष बरामदगी नहीं हुई।गिरफ्तार पटवारी अंकुशकुमार मेघवाल को कल बुधवार को श्रीगंगानगर स्थित एसीबी की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा। मामले की जांच जारी है।
