
श्रीगंगानगर,(भटनेर एक्सप्रेस) शहर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी और देहात ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में आज जिला कलेक्ट्रेट पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार रोष प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई, पेपर लीक, पेट्रोल-डीजल की आसमान छूती कीमतों, न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर गेहूं की खरीद न होने से किसानों में व्याप्त आक्रोश, बिगड़ती कानून-व्यवस्था और शहर को बरसात में डूबने से बचाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा अब तक कोई ठोस कदम न उठाए जाने जैसे गंभीर मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य और विधानसभा चुनाव प्रत्याशी अंकुर मगलानी ने सभी मुद्दों को तीखे शब्दों में उठाया। उन्होंने राज्य सरकार पर हर मोर्चे पर पूरी तरह विफल होने का आरोप लगाते हुए कहा कि जिला प्रशासन न तो श्रीगंगानगर शहर की मूलभूत समस्याओं पर ध्यान दे रहा है और न ही जिले भर में फैली अव्यवस्थाओं को दूर करने के लिए कोई गंभीर प्रयास कर रहा है। शहर में बिगड़े हालात के लिए सीधे तौर पर स्थानीय विधायक भी पूरी तरह से जिम्मेदार है। उन्होंने शहर में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं, नशे की खुली बिक्री और बिना सूचना के हो रही बिजली कटौती पर भी गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने चेतावनी दी कि शहर में पिछले दो महीनों में हुई चोरी की घटनाओं का सात दिन में खुलासा नहीं किया गया तो सभी थानों का क्रमवार घेराव किया जाएगा।इसकी शुरुआत कोतवाली से की जाएगी।शहर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष धर्मपाल झोरड़ ने केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आसमान छूती महंगाई, पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की लगातार बढ़ती कीमतों ने आम जनता की कमर तोड़ दी है।देहात ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष श्याम पुनियानी ने शहर में फैली अव्यवस्थाओं पर निशाना साधते हुए नगर निकाय और पंचायती राज चुनाव न कराने की सरकार की हठधर्मिता की आलोचना की।प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन जिला कलेक्टर को सौंपा। ज्ञापन में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं निकाला गया तो आंदोलन किया जाएगा। जिला प्रमुख दुलाराम इंदलिया, मनोजकुमार भिड़ासरा, श्यामलाल शेखावटी, मोहम्मद चिरागदिन, सुरजीत फगोड़िया, बलजीत बेदी, उतमाराम नायक, पंकज बंगाली, शंकर असवाल, हरीश अरोड़ा काकू, अनिल शर्मा, दुलीचंद गोदारा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन शामिल हुए मौजूद रहे।
