
श्रीगंगानगर(भटनेर एक्सप्रेस) सूरतगढ़ शहर में स्वतंत्र ट्रांसपोर्ट व्यवसाय करने वाले ओमप्रकाश को यूनियन के दबाव और वसूली का शिकार होना पड़ा है। विरोध करने पर उन्हें दिनदहाड़े घेरकर बुरी तरह पीटा गया, गले से सोने की चेन खींच ली गई और जेब से 20 हजार रुपये नकद छीन लिए गए। इस मामले में न्यू जनता ट्रक ऑपरेटर यूनियन के अध्यक्ष जयवीरसिंह राठौड़ समेत 13 लोगों पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड-7 निवासी ओमप्रकाश मां करणी ट्रांसपोर्ट कंपनी चलाता है। उन्होंने जिला पुलिस अधीक्षक हरिशंकर को शिकायत कर बताया कि पिछले तीन महीनों से न्यू जनता ट्रक ऑपरेटर यूनियन के सदस्य उसके ऊपर लगातार दबाव बना रहे थे। यूनियन के नाम पर वाहनों से 500 से 5000 रुपये तक की रकम वसूलने और अपने माध्यम से ही माल ढुलाई कराने की जबरदस्ती की जा रही थी।
जब ओमप्रकाश ने इस अवैध दबाव का विरोध किया तो विगत 26 मई को सुबह करीब 11 बजे इंडस्ट्रियल एरिया में सारड़ा कॉटन के पास उस पर हमला कर दिया गया। यूनियन अध्यक्ष जयवीरसिंह राठौड़, राजू गेरा, ओमप्रकाश स्वामी, हेमंत धींगड़ा, मोहम्मद शाह, महीराम, सतपाल नायक, भैराराम, टीटू उर्फ चरण सिंह, कृष्ण सोनी, कुलवीर राणा, धोलूराम स्वामी, रमेश जाट, अलीशेर और बाबूखां पर आरोप है कि उन्होंने पहले कहासुनी की और फिर लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने उसके गले से सोने की चेन छीनी और जेब से 20 हजार रुपये भी लूट लिए। मदद करने आए पानीपत निवासी संजय के साथ भी मारपीट की गई।ओमप्रकाश ने बताया कि पूरी घटना इंडस्ट्रियल एरिया के सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। सूरतगढ़ सिटी थाना में प्रारंभिक शिकायत पर कार्रवाई न होने के बाद उन्होंने सीधे एसपी से गुहार लगाई। एसपी के हस्तक्षेप के बाद सिटी थाना पुलिस ने मारपीट, लूट और आपराधिक षड्यंत्र समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एएसआई सुमेरसिंह को सौंपी गई है।
