
श्रीगंगानगर।(भटनेर एक्सप्रेस) सादुलशहर में नगर पालिका प्रशासन ने आगामी मानसून को देखते हुए नालों एवं नालियों की सफाई का कार्य किया जा रहा है। जल निकासी व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से नालों पर किए गए अतिक्रमणों के खिलाफ कार्रवाई भी आज शुरू कर दी गई है।
आज सुबह नगर पालिका के दल ने दुर्गा मंदिर मार्ग एवं एसडीएम कार्यालय मार्ग पर अभियान चलाकर नालों पर किए गए अतिक्रमण हटाए। कार्रवाई के दौरान मलबा, अस्थायी शेड सहित अन्य अवरोधक सामग्री को हटाकर जब्त किया गया।अभियान के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस जाब्ता भी मौके पर मौजूद रहा।कार्यवाहक अधिशासी अधिकारी धीरेन्द्र यादव ने बताया कि मानसून के दौरान जलभराव की समस्या से बचने के लिए नालों और नालियों पर किए गए अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने नागरिकों से सार्वजनिक भूमि एवं नालों पर अतिक्रमण नहीं करने की अपील की।वहीं कार्रवाई से नाराज कुछ व्यापारियों ने नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। दुकानदार महेंद्र जैन ने आरोप लगाया कि शिकायतकर्ता के अतिक्रमण पर कार्रवाई नहीं की गई, जबकि अन्य स्थानों पर अतिक्रमण हटाए गए हैं।नगर पालिका प्रशासन का कहना है कि अभियान निष्पक्ष रूप से चलाया जा रहा है तथा सभी अतिक्रमणों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
