
सेवानिवृत पुलिस कर्मियों ने समस्याएं भी रखीं
कल बीकानेर में आईजी करेंगे संभाग स्तरीय बैठक
श्रीगंगानगर श्रीगंगानगर की रिजर्व पुलिस लाइन में आज अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती नीलम चौधरी द्वारा सेवानिवृत पुलिस कर्मचारी कल्याण संघ के पदाधिकारी के साथ एक बैठक की गई,जिसमें एक बहुत ही अहम सवाल उभर कर सामने आया। संघ के पदाधिकारियों ने अवगत करवाया कि पिछले कुछ दिनों में आन ड्यूटी और बीमारी के कारण दिवंगत हुए पुलिसकर्मियों को ठीक उसी प्रकार से आर्थिक सहायता नहीं दी गई,जैसे कि लगभग 3 महीने पूर्व महिला थाना प्रभारी पुलिस इंस्पेक्टर श्रीमती ज्योति नायक की सड़क दुर्घटना में मौत होने पर उसके परिवार को दी गई थी। कल्याण संघ के जिलाध्यक्ष रिटायर्ड पुलिस इंस्पेक्टर कांतासिंह ढिल्लों ने बताया कि पुलिस इंस्पेक्टर ज्योति नायक की श्रीगंगानगर शहर में रात्रि गश्त चेकिंग करने के दौरान एक कार की टक्कर लगने से मौत हो गई थी। इस पर जिला पुलिस विभाग के सभी कर्मचारियों के 1 दिन के वेतन की कटौती कर संग्रहित की राशि उसके परिवार को कुछ ही दिनों में दे दी गई थी। मगर पिछले कुछ दिनों में सदर थाना के एक सिपाही, सादुलशहर थाना के दो और श्रीकरणपुर थाना के दिवंगत हुए एक पुलिसकर्मी के परिवारों को इस तरह से सभी कर्मचारियों के वेतन में एक दिन की कटौती करके सहायता नहीं दी गई। यह भेदभाव वाला रवैया है? उन्होंने सवाल किया कि क्या पुलिस इंस्पेक्टर या इससे उच्च पदों वालों को ही इसी तरह से आर्थिक सहायता देने की नीति पुलिस विभाग ने बना रखी है? कोई सिपाही, हवलदार, एएसआई या एसआई ऑन ड्यूटी दुर्घटना का शिकार हो जाता है और उसकी मृत्यु हो जाती है तो क्या उसका परिवार इस तरह की सहायता पाने का हकदार नहीं है जबकि उसे आर्थिक सहायता की ज्यादा जरूरत होती है। श्री ढिल्लों ने बताया कि यह मुद्दा उठने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीलम चौधरी ने आश्वासन दिया है कि इस बारे में उच्च अधिकारियों से मार्गदर्शन लेकर उचित कार्यवाही की जाएगी। बैठक में सेवानिवृत कर्मचारियों के टीए और डीए के बिल इस पुलिस थानों में तैयार करने के निर्देश पूर्व पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन द्वारा दिए गए थे, जिस थाना क्षेत्र में सेवानिवृत पुलिस कर्मचारी रहते हैं। इस आदेश की पालना अभी तक नहीं हुई है। यह बिल समय पर भी तैयार नहीं होते। इस कारण सेवानिवृत पुलिस कर्मचारियों को अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। बैठक में एक बार फिर से कल्याण संघ के ऑफिस के निर्माण के बारे में भी चर्चा हुई। संघ को इसके लिए उपयुक्त स्थान का चयन कर ऑफिस निर्माण में पुलिस विभाग द्वारा पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया गया श्री ढिल्लों ने बताया कि जल्दी ही स्थान का चयन कर लिया जाएगा। बैठक में कल्याण संघ की ओर से पीडी शर्मा, बलदेवसिंह, प्रकाशसिंह, सुखविंदरसिंह, सुभाष सांवरिया,वकीलसिंह, रमेशकुमार, भूराराम, साधूसिंह,बलदेवसिंह पतली, पालसिंह आदि सेवानिवृत पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। श्री ढिल्लों ने बताया कि इसी सिलसिले में कल बुधवार को बीकानेर में सदर थाना में दोपहर 3 बजे पुलिस महानिदेशक द्वारा रेंज के चारों जिलों के सेवानिवृत पुलिसकर्मी कल्याण संघों के पदाधिकारियों के साथबैठक रखी गई है। इस बैठक में भी श्रीगंगानगर जिले की ओर से उपरोक्त समस्याएं ही उठाईं जाएंगी।
