
श्रीगंगानगर,(भटनेर एक्सप्रेस) भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने धौलपुर जिले में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए आज ग्राम पंचायत रतनपुर के कनिष्ठ सहायक रमेश कुमार को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।एसीबी मुख्यालय जयपुर के निर्देश पर एसीबी चौकी धौलपुर की टीम ने आज यह सफल ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया। आरोपी रमेशकुमार, जो कनिष्ठ सहायक के पद पर कार्यरत हैं, पर मनरेगा योजना में मस्टरोल (मस्टर रोल) जारी करने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है।परिवादी ने एसीबी को शिकायत दी थी कि ग्राम पंचायत रतनपुर, पंचायत समिति बसेडी, जिला धौलपुर में मनरेगा योजना के तहत मस्टरोल जारी करवाने के लिए आरोपी रमेशकुमार उनसे 26 हजार ररुपये रिश्वत की मांग कर लगातार परेशान कर रहा था।शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने 1 जून को गोपनीय सत्यापन कराया, जिसमें आरोपी द्वारा 25 हजार रुपये रिश्वत लेने की पुष्टि हुई। इसके बाद आज एसीबी भरतपुर रेंज के उप महानिरीक्षक ओमप्रकाश मीणा के सुपरविजन में एसीबी चौकी धौलपुर के पुलिस उप अधीक्षक ज्ञानचंद के नेतृत्व में टीम ने ट्रैप कार्यवाही की।ट्रैप के दौरान आरोपी रमेश कुमार को 25 हजार रुपये की रिश्वत राशि लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। रिश्वत की पूरी राशि आरोपी की पहनी हुई पैंट की जेब से बरामद की गई।एसीबी की महानिरीक्षक पुलिस श्रीमती एस. परिमला के सुपरविजन में आरोपी से पूछताछ जारी है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान शुरू कर दिया गया है।एसीबी महानिदेशक पुलिस श्री गोविंद गुप्ता ने इस सफल कार्रवाई की पुष्टि की है।
