
12 जून को ग्राम पंचायत घेराव की चेतावनी, प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
हनुमानगढ़ (भटनेर एक्सप्रेस) ग्राम पंचायत रामसरा नारायण में मनरेगा कार्यों के आवंटन में कथित अनियमितताओं और भेदभावपूर्ण रवैये को लेकर ग्रामीणों एवं नरेगा श्रमिकों में रोष बढ़ता जा रहा है। इस संबंध में ग्रामीणों ने सोमवार को मनरेगा मेट संघ के जिलाध्यक्ष पोखर मेव के नेतृत्व में जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर पंचायत प्रशासन और कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं तथा सभी पात्र श्रमिकों को समान रूप से रोजगार उपलब्ध करवाने की मांग की है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि ग्राम पंचायत रामसरा नारायण में मनरेगा कार्यों के संचालन में कर्मचारियों द्वारा मनमानी की जा रही है। श्रमिकों का कहना है कि पंचायत में केवल चुनिंदा लोगों को ही काम दिया जा रहा है, जबकि बड़ी संख्या में मजदूर रोजगार से वंचित होकर घरों में बैठे हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कर्मचारियों और संबंधित कार्मिकों की मिलीभगत से अपने चहेते लोगों के नाम ही कार्य सूची में शामिल किए जा रहे हैं। श्रमिकों के अनुसार जब इस संबंध में पंचायत कर्मचारियों से शिकायत की जाती है तो संतोषजनक जवाब देने के बजाय उन्हें टाल दिया जाता है। ग्रामीणों का आरोप है कि कर्मचारियों द्वारा यह कहा जाता है कि सूची में उन्हीं लोगों के नाम शामिल किए जाएंगे जिन्हें वे उचित समझेंगे। इससे श्रमिकों में असंतोष और नाराजगी बढ़ रही है।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि पिछले कार्य सत्र में मनरेगा के तहत कार्य करने वाले कई श्रमिकों के 100 दिन का रोजगार जानबूझकर पूरा नहीं करवाया गया। ग्रामीणों का कहना है कि इससे मजदूरों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि पंचायत क्षेत्र में बड़ी संख्या में अनुसूचित जाति वर्ग के श्रमिक मनरेगा पर निर्भर हैं और रोजगार नहीं मिलने से उनके परिवारों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पंचायत में कार्यरत एलडीसी द्वारा अपने पसंदीदा लोगों को प्राथमिकता दी जा रही है, जबकि अन्य जरूरतमंद श्रमिकों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच करवाकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा सभी पात्र श्रमिकों को मनरेगा के तहत रोजगार उपलब्ध करवाने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो 12 जून 2026 को ग्राम पंचायत रामसरा नारायण का घेराव कर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आंदोलन की स्थिति बनने पर इसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस मौके पर जिलाध्यक्ष पोखर मेव, आरएलपी जिला प्रभारी संजीव झोरड़, सहप्रभारी वीरेन्द्र मेघवाल, बीएसपी जिला सचिव सुरेंद्र परिहार, राजेश कुमार, इन्द्रजीत, फेफ़ा देवी व अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।
l
